जापान के PM ने ट्रंप से शुल्क नीति पर दोबारा विचार करने को कहा

World वर्ल्ड: जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशीबा ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत में उनकी टैरिफ नीति पर निराशा जताई और इसे फिर से सोचने की सलाह दी। इशीबा ने बताया कि जापान बीते पांच वर्षों से अमेरिका में सबसे बड़ा निवेशक रहा है और ऐसी नीतियाँ जापानी कंपनियों की निवेश क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं। दोनों नेताओं ने 25 मिनट की बातचीत में इस विषय पर रचनात्मक संवाद जारी रखने और संबंधित मंत्रियों को बातचीत के लिए नियुक्त करने पर सहमति जताई।
उधर ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी टैरिफ नीति “कड़ी लेकिन न्यायपूर्ण” है। उन्होंने यह भी कहा कि जापान अमेरिका की कारें नहीं लेता, जबकि अमेरिका जापान की लाखों कारें आयात करता है।
ट्रंप ने जापानी ऑटोमोबाइल पर 25% और अन्य वस्तुओं पर 24% शुल्क लगाने का फैसला किया है, जिससे जापान की निर्यात-आधारित अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे जापान की आर्थिक वृद्धि दर में 0.8% तक की गिरावट आ सकती है।





