विश्व

जापान ने की चीन की निंदा बोला- विवादित समुद्री द्वीपों पर लगातार 112 दिन चीनी जहाजों ने की घुसपैठ

Subhi
6 Jun 2021 1:31 AM GMT
जापान ने की चीन की निंदा बोला- विवादित समुद्री द्वीपों पर लगातार 112 दिन चीनी जहाजों  ने की घुसपैठ
x
दुनिया में अच्छी छवि बनाने का बयान जारी करने वाले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अपील के बावजूद बीजिंग द्वीपों पर अपनी कब्जा करने की नीति पर कायम है।

दुनिया में अच्छी छवि बनाने का बयान जारी करने वाले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अपील के बावजूद बीजिंग द्वीपों पर अपनी कब्जा करने की नीति पर कायम है। चीन के जहाजों ने सेनकागू द्वीपों के आसपास के समुद्री इलाके में रिकॉर्ड 112 दिनों में लगातार घुसपैठ की है। इन द्वीप समूहों पर जापान भी दावा करता आया है। इसलिए दोनों में तनाव है।

जापान के तटवर्ती सुरक्षा बलों ने बताया कि चीनी जहाज शुक्रवार को 112वें दिन पूर्वी सागर में द्वीपों के आसपास के क्षेत्र से गुजरे हैं। निक्केई एशिया ने बताया कि चीन ने फरवरी के मध्य से हर दिन सन्निहित क्षेत्र में प्रवेश किया है, जो अप्रैल से अगस्त 2020 तक लगातार 111 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को पार कर गया है।
चीन ने भी अप्रैल में चार दिन और मई में पांच दिन जापान के समुद्री क्षेत्र में घुसपैठ की। इस समुद्री क्षेत्र में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जहां चीनी जहाजों ने जापानी मछली पकड़ने वाले जहाजों से संपर्क किया है।
जापानी रक्षा मंत्री नोबुओ किशी ने चीनी जहाजों की इन हरकतों को अस्वीकार्य कहा। उन्होंने कहा, हम सतर्क निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए हर संभव उपाय करेंगे। जबकि चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने इन द्वीपों पर अपनी संप्रभुता के दावों पर जोर दिया है।

चीन ने मलयेशिया सीमा में भेजे 16 लड़ाकू विमान
एक तरफ पूर्वी सागर में जापान के साथ चीन की तनाव की स्थिति बनी हुई है वहीं मलयेशिया के साथ भी हवाई सीमा में घुसपैठ को लेकर दोनों देशों में तनाव है। चीन ने अपने 16 वायुसेना के मालवाहक विमानों को विशेष आर्थिक क्षेत्र में उड़ाया।
इसे लेकर मलयेशिया ने हाल ही में चीनी राजदूत को सफाई के लिए तलब किया। मलयेशियाई विदेश मंत्रालय ने इसे उसके हवाई क्षेत्र और संप्रभुता का उल्लंघन बताया। चीन ने इसे अपनी रूटिंग ट्रेनिंग बताया।

Next Story