विश्व
IRGC का दावा: होर्मुज में माइंस से टकराकर 2 जहाजों में धमाका
Tara Tandi
8 Nov 2026 11:05 AM IST

x
तेहरान: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने रविवार सुबह बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) में एक "अनधिकृत" रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर, नौसैनिक बारूदी सुरंगों (नेवल माइन्स) से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए।
IRGC के आधिकारिक समाचार माध्यम 'सिपह न्यूज़' पर जारी एक बयान में नौसेना ने कहा कि एक टैंकर जलडमरूमध्य के पूर्व में बारूदी सुरंगों से टकराया, जबकि दूसरा जलमार्ग को पार करते समय टकराया।
बयान में आगे कहा गया कि दोनों जहाजों ने अपने नेविगेशन और GPS सिस्टम बंद कर रखे थे और विस्फोटों के बाद उनमें आग लग गई।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने चेतावनी दी कि जो भी जहाज "आक्रामक" अमेरिकी सेना के साथ सहयोग करेगा और ईरानी नियमों की अनदेखी करते हुए जलडमरूमध्य के "अनधिकृत" क्षेत्र में प्रवेश करेगा, वह "निश्चित रूप से" नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराएगा।
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर बताया कि ओमान की खाड़ी में उसके बलों ने एक कमर्शियल जहाज को निष्क्रिय कर दिया। ऐसा तब किया गया जब जहाज के चालक दल ने "बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया और ईरान के खिलाफ लगाए गए नौसैनिक नाकेबंदी को कई बार तोड़ने की कोशिश की।"
CENTCOM ने बताया कि उनके बलों ने चालक दल को कुछ हिस्सों को खाली करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद एक अमेरिकी सैन्य विमान ने सेंट किट्स के झंडे वाले जहाज 'M/V हुडा' के पिछले हिस्से पर सटीक निशाना साधते हुए हमला किया और उसे निष्क्रिय कर दिया। यह कार्गो जहाज एक ईरानी बंदरगाह पर जाने के बाद क्षेत्रीय जलक्षेत्र से निकलने की कोशिश कर रहा था।
CENTCOM के अनुसार, जुलाई से अब तक अमेरिकी बलों ने 147 कमर्शियल जहाजों को वापस लौटने के लिए मजबूर किया है और नाकेबंदी मानने से इनकार करने वाले पांच व्यापारिक जहाजों को निष्क्रिय कर दिया है।
इसमें यह भी कहा गया कि अमेरिकी बलों ने इससे पहले ईरान के 10 कमर्शियल तेल टैंकरों को नष्ट कर दिया था। उनका आरोप है कि ये टैंकर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स द्वारा संचालित अरबों डॉलर के एक गुप्त नेटवर्क का हिस्सा थे।
ईरान ने 28 फरवरी को इस जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। उसने इजरायल और अमेरिका से जुड़े या उनके स्वामित्व वाले जहाजों के सुरक्षित आवागमन पर रोक लगा दी है। यह कदम ईरानी क्षेत्र पर इन दोनों देशों के संयुक्त हमलों के बाद उठाया गया है। अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है।
Next Story





