विश्व

ईरान की संसद ने चुना नया रक्षा मंत्री, 277 में से 237 वोट मिले

jantaserishta.com
18 Oct 2026 3:58 PM IST
ईरान की संसद ने चुना नया रक्षा मंत्री, 277 में से 237 वोट मिले
x
तेहरान: ईरान ने अपना नया रक्षा मंत्री चुन लिया है। संसद ने मेहरदाद अखलाखी केताबची को रक्षा मंत्री के रूप में मंजूरी दे दी है। सरकार ने बताया कि उनके पूर्ववर्ती की मौत अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों में हो गई थी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान के अनुसार, "उनकी योग्यताओं और प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा के बाद, कुल 277 वोटों में से 237 वोट उनके पक्ष में पड़े, जबकि 15 वोट उनके खिलाफ थे। किसी ने भी वोटिंग से परहेज नहीं किया।"
केताबची ने ब्रिगेडियर जनरल अजीज नासिरजादेह की जगह ली है, जिनकी फरवरी में युद्ध की शुरुआत के दौरान अमेरिका-इजरायल के एक हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने ब्रिगेडियर जनरल माजिद इब्न अल रेजा को कार्यवाहक रक्षा मंत्री नियुक्त किया था।
ईरान के सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के अनुसार, नए रक्षा मंत्री रक्षा उद्योग के एक अनुभवी अधिकारी हैं। वे ईरान के 'एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन' और 'डिफेंस इंडस्ट्रीज ऑर्गनाइजेशन' के प्रमुख रह चुके हैं, जहां उन्होंने मिसाइल तकनीक और हथियारों के उत्पादन से जुड़े क्षेत्रों की देखरेख की है।
अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम में शामिल होने के कारण केताबची पर प्रतिबंध लगा रखे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने 2007 में उन्हें 'शहीद बाघेरी इंडस्ट्रियल ग्रुप' से जुड़े होने के कारण अपनी सूची में शामिल किया था; यह समूह सॉलिड-प्रोपेलेंट बैलिस्टिक मिसाइलों को विकसित और निर्मित करता है।
रक्षा मंत्री का पद संभालने के साथ ही अखलाखी ने धमकी भरे अंदाज में कहा, "अगर अमेरिकी दुश्मन ने कोई और गलत कदम उठाया, तो ईरानी राष्ट्र और इस्लाम के योद्धाओं की ओर से चौंकाने वाला और व्यापक जवाब मिलेगा। इसके क्षेत्रीय और वैश्विक परिणामों की पूरी जिम्मेदारी आतंकवादी अमेरिकी सरकार और उसके सहयोगियों की होगी।"उन्होंने आगे कहा, "12-दिवसीय युद्ध के बाद से, रक्षा क्षमताओं को इस हद तक बेहतर और अपडेट किया गया है कि इसने दुश्मन के आकलन और हिसाब-किताब को पूरी तरह बदल दिया है।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story