विश्व

टोगो के झंडे वाले तेल टैंकर 'ट्रेंड' पर ईरानी नौसेना का हमला, प्रत‍िबंध‍ित क्षेत्र से गुजरने का आरोप लगाया

jantaserishta.com
18 Sept 2026 8:09 AM IST
टोगो के झंडे वाले तेल टैंकर ट्रेंड पर ईरानी नौसेना का हमला, प्रत‍िबंध‍ित क्षेत्र से गुजरने का आरोप लगाया
x
तेहरान: ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने शुक्रवार सुबह दावा क‍िया क‍ि उसने बीती रात एक तेल टैंकर पर हमला कर उसे रोक ल‍िया है। आईआरजीसी का कहना क‍ि यह टैंकर होर्मुज स्‍ट्रेट से कथित तौर पर 'गैरकानूनी' तरीके से गुजरने की कोशिश कर रहा था।
आईआरजीसी के आधिकारिक न्यूज आउटलेट सेपाह न्यूज पर जारी बयान में नौसेना ने कहा कि टोगो के झंडे वाला 'ट्रेंड' नाम का तेल टैंकर हमले के बाद आग की चपेट में आ गया और फिर उसे रोक दिया गया।
स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की जानकारी के अनुसार, आईआरजीसी के मुताबिक, यह जहाज अमेरिकी सेना के 'बहकावे और उकसावे' में आकर कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से स्‍ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहा था। बयान में चेतावनी दी गई कि इस रास्ते से गैरकानूनी तरीके से गुजरने की कोशिश का नतीजा सिर्फ 'तबाही' होगा।
नौसेना ने कहा कि उसकी सेनाओं का होर्मुज स्‍ट्रेट पर अब भी मजबूती से नियंत्रण है और किसी भी 'हमलावर' को यहां से गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ईरान ने 28 फरवरी को होर्मुज स्‍ट्रेट पर अपना नियंत्रण और कड़ा कर दिया था। ईरानी क्षेत्र पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने इजरायल और अमेरिका के जहाजों या उनसे जुड़े जहाजों के सुरक्षित आवागमन पर रोक लगा दी थी।
इससे पहले आईआरजीसी ने कहा था कि होर्मुज स्‍ट्रेट के दक्षिण में मौजूद 'प्रतिबंधित' रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा एक बहुत बड़ा तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद फट गया और उसमें आग लग गई।
सेपाह न्यूज पर जारी एक बयान में आईआरजीसी की नौसेना ने कहा कि 'एल गैया' नाम के इस टैंकर में लगी आग पर काबू पाने की कोशिशें नाकाम रहीं और पूरा जहाज आग की चपेट में आ गया। नौसेना ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते में 'प्रत‍िबंध‍ित' रूट इस्तेमाल करने के खतरों को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी। उसने इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज स्‍ट्रेट अभी भी बंद है और ईरान की नौसेना के नियंत्रण में है।
होर्मुज स्‍ट्रेट में समुद्री यातायात की जिम्मेदारी संभालने वाली ईरान की पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (पीजीएसए) ने बीमा कंपनियों और जहाजों की तकनीकी जांच एवं प्रमाणन करने वाली संस्थाओं को चेतावनी दी है कि वे उसकी अपडेट की गई 'नियम तोड़ने वाले' जहाजों की सूची में शामिल जहाजों को सेवाएं न दें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर जारी एक पोस्ट में पीजीएसए ने कहा कि बीमा कंपनियों, प्रोटेक्शन एंड इंडेम्निटी इंश्योरेंस (पी एंड आई) क्लबों और जहाजों की जांच एवं प्रमाणन करने वाली संस्थाओं को चेतावनी दी जाती है कि वे इन जहाजों को सेवाएं देने से बचें, ताकि ऐसे जहाजों के साथ काम करने से होने वाले नतीजों से बचा जा सके।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story