
अमेरिका। अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अली खामेनेई शासन को लेकर एक बार फिर खुली धमकियां दी हैं. ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान में सत्ता परिवर्तन होता है तो यह अब तक की सबसे अच्छी बात होगी. उन्होंने हाल ही में इजरायली पीएम नेतन्याहू से मुलाकात की है. इनके अलावा एक अतिरिक्त एयरक्राफ्ट कैरियर भी मिडिल ईस्ट की तरफ रवाना किया है.
नॉर्थ कैरोलाइना के फोर्ट ब्रैग में अमेरिकी सैनिकों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि तेहरान में सत्ता बदलना दुनिया के लिए बेहतर साबित हो सकता है. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अगर वहां सत्ता बदली तो यह सबसे अच्छा होगा." उन्होंने ईरान के इस्लामिक खामेनेई शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका दशकों से सिर्फ बातें ही सुन रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "47 साल से वे सिर्फ बात, बात और बात कर रहे हैं. इसी दौरान हमने बहुत लोगों की जान गंवाई है." उन्होंने क्षेत्र में हिंसा और संघर्ष की तस्वीर खींचते हुए कहा, "लोगों ने पैर गंवा दिए, हाथ गंवा दिए, उनके चेहरे बिगड़ गए. यह सब बहुत लंबे समय से चल रहा है." हालांकि ट्रंप ने यह नहीं बताया कि ईरान की मौजूदा सत्ता के बाद कौन नेतृत्व संभालेगा. सवालों के जवाब में उन्होंने सिर्फ इतना कहा, "वहां लोग मौजूद हैं."
राष्ट्रपति ट्रंप के ये बयान ऐसे समय आए हैं जब अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य मौजूदगी और बढ़ा दी है. ट्रंप ने पुष्टि की कि अमेरिका ने दूसरा एयरक्राफ्ट कैरियर ग्रुप भी क्षेत्र में तैनात करने का फैसला किया है. व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "अगर डील नहीं होती, तो हमें इसकी जरूरत पड़ेगी. यह बहुत जल्द रवाना होगा." उन्होंने कहा कि एक एयरक्राफ्ट कैरियर पहले ही वहां पहुंच चुका है और दूसरा रास्ते में है.





