विश्व

'इनडायस्पोरा' ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने में की भारत की मदद, 48 घंटे से कम समय में जुटाए 7.40 करोड़

Neha Dani
1 May 2021 3:30 AM GMT
इनडायस्पोरा ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने में की भारत की मदद, 48 घंटे से कम समय में जुटाए 7.40 करोड़
x
हम इतना कर सकते हैं कि लोगों की मौत कम की जाए। हमें अपना प्रयास करना चाहिए।

वैश्विक भारतीय समुदाय के नेताओं के गैरलाभकारी संगठन 'इनडायस्पोरा' ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने में भारत की मदद के लिए 48 घंटे से कम समय में 10 लाख डालर (करीब 7.40 करोड़ रुपये) जुटा लिए हैं। हेल्प इंडिया ब्रेद अभियान के तहत यह राशि जुटाई गई है। इस अभियान के तहत शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसका मकसद चंदे की राशि को दोगुना करना है। इसमें लिली सिंह, दीपक चोपड़ा, धर मान, कुणाल नय्यर, राधानाथ स्वामी समेत भारतीय समुदाय के कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

इस बीच, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को अपने अमेरिकी समकक्ष एंटनी ब्लिंकन से भारत में कोरोना की स्थिति पर बातचीत की और दोनों नेताओं ने अमेरिका से मिलने वाली मदद की समीक्षा की। इनडायस्पोरा फाउंडर्स सर्किल की सदस्य रेशमा केवलरमानी ने कहा कि भारत में जिस तरह कोरोना का संकट गहराया है, उससे मैं काफी व्यथित हूं। प्रभावित लोगों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाए जाने की जरूरत है। कृपया जरूरत के समय में भारत का समर्थन करने के लिए उदारता से मेरा साथ दीजिए।
एक बयान में कहा गया है कि चंदे की इस राशि से राहत कार्य चलाया जाएगा। कोविड केयर सेंटर और अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे और जिन परिवारों ने कमाने वाला मुख्य सदस्य खो दिया है, उन परिवारों को आर्थिक मदद दी जाएगी।
बाइडन से मदद का अनुरोध
अमेरिकी संसद में भारतीय नेताओं के समूह ने राष्ट्रपति जो बाइडन से जरूरी संसाधन और चिकित्सा सामग्री जल्द भारत भेजने की मांग की है, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके। उन्होंने राष्ट्रपति से कहा है कि बौद्धिक संपदा अधिकार पर लोगों की जिंदगी को तरजीह दी जानी चाहिए। भारतीय नेताओं के समूह द्वारा राष्ट्रपति को पत्र भेजे जाने के बाद भारतीय मूल के सांसद रो खन्ना ने कहा कि भारत में हो रही तबाही हम देख रहे हैं। हम इतना कर सकते हैं कि लोगों की मौत कम की जाए। हमें अपना प्रयास करना चाहिए।


Next Story