विश्व
रूसियों के खिलाफ लड़ रहा भारतीय छात्र, अब लगाई वतन वापसी की गुहार
Rounak Dey
14 March 2022 8:53 AM IST

x
युद्ध शुरू होने से पहले यूक्रेन में सैनिकेश को एक वीडियो गेम डेवलपिंग फर्म में नौकरी मिल गई थी.
यूक्रेन (Ukraine) में कथित तौर पर रूसी सैनिकों के खिलाफ लड़ रहे 21 साल के भारतीय एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के एक छात्र ने स्वदेश लौटने की इच्छा जताई है. तमिलनाडु (Tamil Nadu) के कोयंबटूर (Coimbatore) में रहने वाले आर सैनिकेश के परिवार ने मीडिया को बताया है कि जब उन्होंने उनसे बात की तो बताया कि वो अपने देश लौटना चाहते हैं.
रूसियों के खिलाफ लड़ रहा भारतीय छात्र
साल 2018 में सैनिकेश यूक्रेन के खारकीव (Kharkiv) में नेशनल एयरोस्पेस यूनिवर्सिटी के छात्र हो गए और तब से वे वहीं थे. लड़ाई के बाद वो जॉर्जियाई राष्ट्रीय सेना में शामिल हो गए, जो एक अर्धसैनिक समूह है. ये यूक्रेनी सैनिकों को रूसियों के खिलाफ लड़ने में मदद करता है.
अब भारत वापस आना चाहता है भारतीय छात्र
जैसा कि उनके पिता रविचंद्रन ने पूछा कि वो युद्धग्रस्त देश में क्या कर रहे हैं और वो वापस क्यों नहीं आ रहे हैं, सैनिकेश ने कहा कि वो अपने देश वापस आना चाहते हैं और अपने परिवार के साथ रहना चाहते हैं.
खुफिया अधिकारियों ने छात्र के परिवार से किया संपर्क
हाल ही में खुफिया अधिकारियों ने छात्र के परिवार से संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें पता चला कि सैनिकेश रूस के खिलाफ लड़ रहे हैं. परिवार को उम्मीद है कि उनके बेटे को भारतीय अधिकारी निकासी अभियान के तहत सुरक्षित वापस ले आएंगे.
सैनिकेश भारतीय सेना में शामिल होना चाहते थे, लेकिन अपनी कम ऊंचाई के कारण दो बार क्वालीफाई होने में असफल रहे और इस बात से दुखी थे. उनके पैरामिलिट्री यूनिट में शामिल होने के पीछे का एक कारण ये भी बताया जा रहा है. युद्ध शुरू होने से पहले यूक्रेन में सैनिकेश को एक वीडियो गेम डेवलपिंग फर्म में नौकरी मिल गई थी.
Next Story





