विश्व
मध्यावधि चुनाव में भारतीय-अमेरिकियों ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज की; एरिजोना में अमिश शाह आगे
jantaserishta.com
4 Nov 2026 1:29 PM IST

x
वाशिंगटन: अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के नतीजे बता रहे हैं भारतीय मूल के उम्मीदवार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, एरिजोना में 'हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स' (प्रतिनिधि सभा) के एक अहम मुकाबले में डेमोक्रेट डॉ. अमीश शाह आगे रहे जबकि दो प्रमुख भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन - विवेक रामास्वामी और सरिता कोमाटिरेड्डी अपने चुनाव हार गए।
संभावित विजेताओं में फ्लोरिडा से पिया दांडिया, वर्जीनिया से सुहास सुब्रमण्यम, वाशिंगटन से प्रमिला जयपाल, कैलिफोर्निया से रो खन्ना और मैरीलैंड से लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर शामिल हैं। कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों ने राज्य विधायी चुनावों में जीत हासिल की, जबकि कुछ अन्य उम्मीदवार देर रात तक जारी मतगणना में काफी आगे चल रहे थे।
पिया दांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया। उन्हें लगभग 52 प्रतिशत वोट मिले, जबकि अस्कर को 48 प्रतिशत वोट मिले। इसके साथ ही, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में एक और भारतीय-अमेरिकी महिला शामिल हो गई हैं।
वर्जीनिया में, डेमोक्रेटिक कांग्रेसमैन सुहास सुब्रमण्यम ने 10वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से फिर से जीत हासिल की। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार डेव बेकविथ को हराया। सुब्रमण्यम ने एक बयान में कहा, "चुनाव प्रचार खत्म हो गया है, लेकिन असली काम तो अब शुरू हो रहा है। मैं वाशिंगटन में बदलाव लाने के लिए अपने समुदाय के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।"
मैरीलैंड में, डेमोक्रेट वेस मूर के फिर से चुनाव जीतने के बाद, अरुणा मिलर ने लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में अपना दूसरा चार साल का कार्यकाल हासिल किया। वेस्ट कोस्ट पर, डेमोक्रेटिक प्रमिला जयपाल ने वाशिंगटन स्टेट के 7वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में अपनी जीत बरकरार रखी। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार नीरव सेठ को हराया।
कैलिफोर्निया में, डेमोक्रेटिक कांग्रेसमैन रो खन्ना ने 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से फिर से जीत हासिल की, जिसमें उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार रितेश टंडन को हराया। इसी तरह, भारतीय-अमेरिकी कांग्रेसमैन अमी बेरा, नए सिरे से तय किए गए तीसरे डिस्ट्रिक्ट में रिपब्लिकन उम्मीदवार रॉब टकर से आगे चल रहे थे। लगभग 60 प्रतिशत बनाम 40 प्रतिशत के अंतर से उन्होंने लीड ली है, इस सीट पर अभी तक विजेता की घोषणा नहीं हुई थी।
एरिजोना में, भारतीय-अमेरिकी चिकित्सक और पूर्व राज्य विधायक अमीश शाह, पहले कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में रिपब्लिकन उम्मीदवार जे फीली से आगे चल रहे थे। 'डिसीजन डेस्क एचक्यू' के आंकड़ों के अनुसार, शाह को 54.9 प्रतिशत और फीली को 43.2 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि अनुमानित वोटों में से लगभग 76 प्रतिशत की गिनती हो चुकी थी। हालांकि, अभी तक किसी विजेता की घोषणा नहीं की गई थी।
स्कॉट्सडेल और फीनिक्स महानगर के कुछ हिस्सों को कवर करने वाले इस चुनाव से कांग्रेस में एक और भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेट के शामिल होने की संभावना है। सबसे बड़ी हार ओहियो में देखने को मिली, जहां गवर्नर चुनाव में डेमोक्रेट एमी एक्टन ने ट्रंप समर्थित रिपब्लिकन विवेक रामास्वामी को हरा दिया।
बाद के नतीजों में, रामास्वामी के 46 प्रतिशत के मुकाबले एक्टन को लगभग 51 प्रतिशत वोट मिले। न्यूयॉर्क में, पूर्व फेडरल प्रॉसिक्यूटर और रिपब्लिकन सरिता कोमातिरेड्डी, अटॉर्नी जनरल का चुनाव मौजूदा डेमोक्रेट लेटिशिया जेम्स से हार गईं। जेम्स लगभग 62 प्रतिशत वोटों के साथ आगे रहीं।
अन्य हार में नॉर्थ कैरोलिना से रिपब्लिकन महेश गनोर्कर, ओहियो से निर्दलीय संदीप दीक्षित और मिशिगन से निर्दलीय अनिल कुमार शामिल हैं, जो कांग्रेस के चुनावों में हार गए। राज्य विधायी स्तर पर, डेमोक्रेट अरविंद वेंकट ने पेंसिल्वेनिया के हाउस डिस्ट्रिक्ट 30 से फिर से जीत हासिल की, जबकि राम विल्लीवलम ने इलिनोइस सीनेट डिस्ट्रिक्ट 8 में अपनी सीट बरकरार रखी।
इलिनोइस सीनेट डिस्ट्रिक्ट 26 में, भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेट नबीला सैयद, मौजूदा रिपब्लिकन डार्बी हिल्स से लगभग 57 प्रतिशत बनाम 43 प्रतिशत वोटों से आगे थीं। यहां अनुमानित वोटों में से 95 प्रतिशत से अधिक की गिनती हो चुकी थी, लेकिन विजेता की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी थी।
जॉर्जिया में, हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 से डेमोक्रेट ज्योत सिंह, रिपब्लिकन यासीन मोघाजी से लगभग 68 प्रतिशत बनाम 32 प्रतिशत वोटों से आगे रहे। टेक्सास में, डेमोक्रेट पूजा सेठी ने भी हाउस डिस्ट्रिक्ट 47 में अपनी जीत की घोषणा की।
3 नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) के नतीजे यह तय करेंगे कि 435 सदस्यीय 'हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स' और 35 सीनेट सीटों पर किसका नियंत्रण होगा। इसके साथ ही, गवर्नर के पदों और राज्य विधायी कार्यालयों के लिए भी नतीजे तय होंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





