विश्व

भारत ने संभाली यूएनएससी की अध्यक्षता, समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद से मुकाबला होगा मुख्य एजेंडा

Subhi
2 Aug 2021 1:27 AM GMT
भारत ने संभाली यूएनएससी की अध्यक्षता, समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद से मुकाबला होगा मुख्य एजेंडा
x
भारत ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की कमान संभाल ली। वह एक महीने तक इस वैश्विक संस्था की अध्यक्षता करेगा।

भारत ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की कमान संभाल ली। वह एक महीने तक इस वैश्विक संस्था की अध्यक्षता करेगा। आज भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बतौर अध्यक्ष कार्य शुरू करेगा।

यूएनएससी की एक बैठक की अध्यक्षता करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे मोदी

इस एक महीने के कार्यकाल के दौरान उसका फोकस समुद्री सुरक्षा, शांति स्थापना और आतंकवाद से मुकाबले पर रहेगा। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएनएससी की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। ऐसा करने वाले वह देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे।

भारत ने यूएनएससी की अध्यक्षता फ्रांस की जगह संभाली है। अपने पहले कार्यकारी दिवस आज संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत टीएस तिरुमूर्ति महीने भर के परिषद के कार्यक्रमों पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन करेंगे।

संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, तिरुमूर्ति संयुक्त राष्ट्र के उन सदस्य देशों को भी कार्य विवरण उपलब्ध कराएंगे जो परिषद के सदस्य नहीं हैं। तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत और फ्रांस के ऐतिहासिक और घनिष्ठ संबंध हैं। सुरक्षा परिषद में हमारे कार्यकाल के दौरान उन्होंने हमें जो समर्थन दिया, उसके लिए मैं फ्रांस को धन्यवाद देता हूं।

उन्होंने कहा कि हमारे लिए उसी महीने में सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभालना विशेष सम्मान की बात है, जिस महीने हम अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। हमारी अध्यक्षता के दौरान, भारत तीन उच्चस्तरीय हस्ताक्षर बैठक आयोजित कर रहा है। इसमें समुद्री सुरक्षा, शांति स्थापना और आतंकवाद से मुकाबला शामिल हैं।

भारत शांति के रखवालों की याद में एक कार्यक्रम का भी करेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिषद के एजेंडे में सीरिया, इराक, सोमालिया, यमन और मध्य पूर्व सहित कई महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। सुरक्षा परिषद लेबनान में सोमालिया, माली और संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल पर भी महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी अपनाएगा।

उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा भारत की उच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा परिषद के लिए इस मुद्दे पर समग्र रूप से रुख अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शांति स्थापना का विषय शांति रक्षा में हमारी अपनी लंबी और अग्रणी भागीदारी को देखते हुए दिल के करीब है।

साथ ही कहा कि भारत शांति रक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के विषय पर ध्यान केंद्रित करेगा विशेषकर बेहतर प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से और उसका ध्यान इस बात पर भी रहेगा कि शांति रक्षकों के खिलाफ अपराध करने वाले दोषियों को कानून के हवाले किया जाए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहने वाले देश के रूप में, भारत आतंकवाद को रोकने के प्रयासों पर लगातार बल देता रहेगा।



Next Story