
x
Nepal नेपाल: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा को लेकर भारत ने एक बार फिर मदद का भरोसा जताया है। भाजपा सांसद प्रदीप सिंह ने नेपाल में हुई तबाही पर दुख जताते हुए कहा कि इस आपदा से पूरी दुनिया चिंतित है और भारत इस मुश्किल समय में नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है। दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि नेपाल में आई आपदा से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में भारत की संवेदनाएं नेपाल के लोगों के साथ हैं।
सांसद ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि सदियों पुराने सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता है और भारत हमेशा अपने पड़ोसी देश की मदद के लिए आगे आता रहा है। प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में आई आपदा के बाद तुरंत वहां के प्रधानमंत्री से बातचीत की और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से राहत सामग्री की दो खेप नेपाल भेजी जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में नेपाल को जितनी भी मदद की जरूरत होगी, भारत वह सहायता उपलब्ध कराएगा। भारत सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार आगे भी राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करेगी। नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कई क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आपदा के बाद राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
भारत पहले भी नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सहायता करता रहा है। दोनों देशों के बीच आपदा प्रबंधन, मानवीय सहायता और विकास परियोजनाओं को लेकर सहयोग लंबे समय से जारी है। सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि भारत हमेशा अपने पड़ोसी देशों के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि नेपाल के लोगों की पीड़ा को भारत अपनी पीड़ा मानता है और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच मजबूत संबंध भविष्य में भी इसी तरह कायम रहेंगे। आपदा के समय दोनों देशों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास की भावना और मजबूत होती है। नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भारत सरकार और संबंधित एजेंसियां लगातार हालात पर नजर रख रही हैं। राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ प्रभावित लोगों की मदद के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
Next Story





