विश्व

भारत ने कहा- पाकिस्तान आतंकवाद बंद करके ही कश्मीर के लोगों की मदद कर सकता है...

Gulabi Jagat
23 Jun 2022 1:52 PM GMT
भारत ने कहा- पाकिस्तान आतंकवाद बंद करके ही कश्मीर के लोगों की मदद कर सकता है...
x
भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए कहा कि वह राज्य प्रायोजित आतंकवाद को बंद करके ही कश्मीर के लोगों की मदद कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र मिशन में मंत्री नीतीश बर्डी ने मंगलवार को यह बात पाकिस्तान के इस बयान पर कही कि कश्मीर के लोगों को संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता की जरूरत है। बर्डी ने इसके साथ ही कहा कि पाकिस्तानी प्रतिनिधि संयुक्त राष्ट्र जैसे मंच का भारत के विरुद्ध लगातार दुरुपयोग कर रहे हैं।
वे इसके जरिये केवल दुर्भावनापूर्ण व झूठे प्रचार का रिकार्ड तोड़ना चाहते हैं। इससे पहले मानवीय मामलों पर आर्थिक और सामाजिक परिषद के सत्र को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि मुनीर अकरम ने कहा था कि कश्मीर के लोगों को मानवीय सहायता की सख्त जरूरत है, जबकि संयुक्त राष्ट्र की उन तक कोई पहुंच नहीं है।
उत्तर के अधिकार का प्रयोग करते हुए भारतीय प्रतिनिधि बर्डी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग रहे हैं और आगे भी रहेंगे। दरअसल पाकिस्तान अपनी आतंकवादी हरकत से बाज नहीं आ रहा है और जब न तब संयुक्त राष्ट्र में भारत विरोधी बयान देने लगता है। ऐसे में भारत का कहना है कि आतंकवाद बंद करके ही पाकिस्तान, कश्मीर के लोगों की मदद कर सकता है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा है कि भारत 500 गीगावाट की गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीओपी 26 ग्लासगो, स्काटलैंड में घोषित किया था। टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत गैर-जीवाश्म ईधन ऊर्जा लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। तिरुमूर्ति ने संयुक्त राष्ट्र में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ओलोफ स्कोग के साथ एक आभासी कार्यक्रम की सह-मेजबानी करते हुए यह बात कही। आयोजन का विषय 2022-सौर ऊर्जा के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष था।
Next Story