विश्व

अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर भारत ने दी बधाई, जानें PM Modi ने क्या कहा

Neha Dani
5 July 2022 2:43 AM GMT
अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर भारत ने दी बधाई, जानें PM Modi ने क्या कहा
x
इलिनायस प्रांत के 43वें गवर्नर जेबी प्रिटजेकर के दफ्तर ने एक पत्र लिख कर इस घटना पर शोक जाहिर की है।

अमेरिका आज अपने स्वतंत्रता दिवस की 246वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस सहति अमेरिकी जनता को बधाई दी है। भारतीय समयानुसार सोमवार देर रात पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका के 246वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति जो बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और अमेरिका के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं।'




इससे पहले भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई देते हुए ट्वीट किया कि अमेरिका के लोगों, वहां की सरकार, विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन को स्वतंत्रता दिवस पर बधाई। दोनों देश अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।




सन् 1776 में अमेरिका को मिली थी आजादी

अमेरिका हर साल 4 जुलाई को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाता है। 4 जुलाई 1776 को संयुक्त राज्य अमेरिका को ब्रिटेन से आजादी मिली थी। इस मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों में परेड, आतिशबाजी सहति कई आयोजनों को आयोजित किया जाता है। बता दें कि अठारवीं सदी तक उत्तरी अमेरिका की 13 कालोनियों पर ब्रिटिश शासन था।


फ्रीडम डे परेड के दौरान हुई गोलीबारी

दुर्भाग्यवश अमेरिका में चार जुलाई के फ्रीडम डे परेड के दौरान गोलीबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हुए हैं। यह घटना इलिनायस प्रांत के शिकागो शहर के उपनगर हाइलैंड पार्क में हुई है। माना जा रहा है कि हमलावर ने किसी बिल्डिंग की छत से परेड मार्ग पर फायरिंग की है। फायरिंग के बाद लोगों को जान बचाने के लिए इधर से उधर भागते देखा गया। अधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस में छह लोगों के मारे जाने और 24 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। लेकिन हाइलैंड पार्क के एक अस्पताल के प्रवक्ता ने घायलों की संख्या 31 बताई। उसने कहा कि नार्थशोर हाइलैंड पार्क अस्पताल में 26 और एक दूसरे अस्पताल में पांच लोगों को भर्ती कराया गया है। इलिनायस प्रांत के 43वें गवर्नर जेबी प्रिटजेकर के दफ्तर ने एक पत्र लिख कर इस घटना पर शोक जाहिर की है।


Next Story