विश्व

गांधी प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं काफी बढ़ी, भारतीय और अमेरिकियों ने किया शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन

Rounak Dey
12 Sep 2022 7:16 AM GMT
गांधी प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं काफी बढ़ी, भारतीय और अमेरिकियों ने किया शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन
x
अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी अपनी बात लोगों के सामने रखी।

हाल के दिनों में अमेरिका में बढ़ रहीं घृणा और अपराध की घटनाओं को लेकर लोगों में रोष का माहौल है। अमेरिका के कई शहरों में गांधी प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटनाएं भी काफी बढ़ी हैं। शहर में बढ़ते अपराध और घृणा के माहौल के खिलाफ भारतीय और अमेरिकियों ने टाइम स्क्वायर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।


अन्य सामुदायिक संगठनों के साथ प्रभावशाली फेडरेशन ऑफ इंडियन अमेरिकन्स (FIA) के सहयोग से विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बाइडन प्रशासन और अन्य राज्य सरकारों से ऐसे मामलों के खिलाफ कदम उठाने का आग्रह किया।

समुदाय के प्रतिनिधियों ने न्यूयॉर्क और अन्य अमेरिकी शहरों में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर हाल ही में और कई खुले हमलों पर भी चिंता व्यक्त की। पीड़ितों और उन सभी नायकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन और प्रार्थना सभा आयोजित की गई।

9/11 के पीड़ितों को दी गई श्रद्धांजलि

सभा को संबोधित करते हुए न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने हाल में हुई घटनाओं को लेकर और आतंकवाद के खिलाफ सतर्क रहने और शांति से भरे सद्भाव और अहिंसा को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि यही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का उपदेश है। जायसवाल ने इस दौरान 9/11 के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।


एफआईए के अध्यक्ष केनी देसाई ने अपनी टिप्पणी में कहा कि इस मुद्दे को संबंधित अधिकारियों के ध्यान में लाने के लिए शांतिपूर्ण मार्च से बेहतर और कुछ नहीं है।

उन्होंने कहा कि जैसा कि हम इस दिन अपनी जान गंवाने वालों को याद करते हैं और उनका सम्मान करते हैं, हमें चरमपंथ और घृणा-अपराध को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध संकल्प के साथ शांति से काम करना चाहिए।

महात्मा गांधी के मूल्यों से है बहुत कुछ सीखना


यह कहते हुए कि महात्मा गांधी के मूल्यों से बहुत कुछ सीखना है। समुदाय के नेता और राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के प्रमुख प्रेम भंडारी ने हाल की बर्बरता की घटनाओं की कड़ी निंदा की। जहां महान वैश्विक नेता महात्मा गांधी की प्रतिमा को अपवित्र और तोड़ दिया गया था।

एफआईए ने कहा कि उन्होंने जिम्मेदार लोगों को दंडित करने के लिए अमेरिकी सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर एफआईए के अध्यक्ष अंकुर वैद्य और बिहार फाउंडेशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी अपनी बात लोगों के सामने रखी।

Next Story