विश्व

ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए घाना ने भी इजराइल, माल्टा और दक्षिण कोरिया की उड़ानों पर लगाया प्रतिबंध

Neha Dani
22 Dec 2021 7:50 AM GMT
ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए घाना ने भी इजराइल, माल्टा और दक्षिण कोरिया की उड़ानों पर लगाया प्रतिबंध
x
इस कड़ी में इटली, नीदरलैंड, मोरक्को, इंडोनेशिया और इजराइल भी शामिल हैं।

कोरोना वायरस का ओमिक्रोन वैरिएंट दुनिया के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में ओमिक्रोन के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वहीं, मंगलवार को ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए घाना ने भी इजराइल, माल्टा और दक्षिण कोरिया की उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। घाना के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इससे पहले इजराइल और दक्षिण कोरिया पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे अब 14 दिनों के लिए और बढ़ा दिया गया है। मंत्रालय ने माल्टा पर लगे प्रतिबंध का कोई समय नहीं बताया है।

हवाई उड़ान कंपनियों पर लागू किया प्रतिबंध
विदेश मंत्रालय ने बताया कि घाना, माल्टा के किसी भी वैक्सीन के प्रमाण पत्र को मान्यता नहीं देता है। इससे पहले 10 दिसंबर को पश्चिम अफ्रीकी देशों ने कोविड वैक्सीनेशन डोज नहीं लिए हुए यात्रियों को घाना लाने वाली हवाई उड़ान कंपनियों पर प्रति यात्री 3,500 अमेरिकी डालर का जुर्माना लगाने का सख्त प्रतिबंध लागू किया था।
जर्मनी ने ब्रिटेन की उड़ानों पर लगाया प्रतिबंध
गौरतलब हो कि 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से मिला कोरोना वायरस का वैरिएंट ओमिक्रोन कई देशों में अब अपने पैर पसार चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ओमिक्रोन को वेरिएंट आफ कंसर्न (चिंता का वैरिएंट) घोषित किया था। ओमिक्रोन को फैलने से रोकने के लिए दुनिया के कई देशों ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। हाल ही में ब्रिटेन में ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों और संक्रमितों की मौतों की संख्या को देखते हुए सोमवार को जर्मनी ब्रिटेन की सभी उड़ानों पर बैन लगा दिया था। साथ ही पिछले कुछ दिनों में यूके से लौटे सभी लोगों को क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य किया था।
इन देशों ने सबसे पहले लगाया अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर बैन
वहीं, ओमिक्रोन वैरिएंट के सामने के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और ब्राजील ने सबसे पहले अपने देशों में अंतराष्ट्रीय यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। यूरोपीय संघ और ब्रिटेन भी यात्रा पर प्रतिबंध लगाने वाले देशों की सूची में शामिल थे। लेकिन इसके बावजूद ब्रिटेन में ओमिक्रोन के बढ़ते मामले सरकार के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। दूसरी ओर सऊदी अरब ने दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, मोजाम्बिक, लेसोथो और इस्वातिनी के लिए ओमिक्रोन से संबंधित परेशानियों को लेकर उड़ानें रद्द कर दी थीं।
ओमिक्रोन को देखते हुए इन देशों ने बरती सख्ती
जापान ने इस्वातिनी, जिम्बाब्वे, नामीबिया, बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका और लेसोथो से आने वाले जापानी नागरिकों को क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य करते हुए यात्रा पर बैन लगाया दिया था। रूस ने भी इन देशों की यात्रा पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थीं। वहीं, आस्ट्रेलिया ने ओमिक्रोन को देश में फैलने से रोकने के लिए अपनी सीमाओं में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे सहित सात दक्षिण अफ्रीकी देशों की उड़ानों पर बैन लगा दिया था।
इन देशों में भी रद्द है अंतरराष्ट्रीय उड़ाने
दुनिया कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आने वाले देश चीन ने पहले ही देश में केवल नागरिकों और स्थायी निवासियों को सीमाओं में प्रवेश करने की अनुमति दी है। न्यूजीलैंड ने 28 नवंबर से ही दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, जिम्बाब्वे, बोत्सवाना, लेसोथो, इस्वातिनी, सेशेल्स, मलावी और मोजाम्बिक सहित नौ देशों के विदेशियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस कड़ी में इटली, नीदरलैंड, मोरक्को, इंडोनेशिया और इजराइल भी शामिल हैं।
Next Story