विश्व
इमरान खान ने बताया SEX क्राइम और भ्रष्टाचार को मुस्लिम देशों की सबसे बड़ी समस्याएं
Rounak Dey
4 Jan 2022 6:24 AM GMT
x
दामाद मुहम्मद सफदर को 6 जुलाई, 2018 को एवेनफील्ड संपत्ति मामले में दोषी ठहराया गया था।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि बढ़ता भ्रष्टाचार और यौन अपराध मुस्लिम जगत के समक्ष दो मुख्य समस्याएं हैं। इमरान ने रविवार को दुनिया के शीर्ष मुस्लिम विद्वानों के साथ 'रियासत-ए-मदीना: इस्लाम, समाज और नैतिक पुनरुत्थान' विषय पर एक परिचर्चा के दौरान यह बात कही, जिसका आयोजन हाल में गठित नेशनल रहमतुल-लिल-आलमीन अथॉरिटी (एनआरएए) द्वारा किया गया था।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष अक्टूबर में एनआरएए का गठन यह शोध करने के लिए किया था कि पैगंबर के जीवन से सबक को जनता तक कैसे पहुंचाया जाए। विद्वानों ने इस बारे में अपने विचार प्रस्तुत किए कि कैसे युवाओं को उनकी आस्था और धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों पर सोशल मीडिया के आक्रमण से बचाया जा सकता है।
नवाज शरीफ पर इमरान ने किया कटाक्ष
इमरान ने परोक्ष तौर पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख नवाज शरीफ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि समाज में दो तरह के अपराध होते हैं, एक भ्रष्टाचार और दूसरा यौन अपराध। हमारे समाज में यौन अपराध तेजी से बढ़े हैं, यानी बलात्कार और बाल यौन उत्पीड़न तथा इस तरह की केवल एक प्रतिशत घटनाएं ही दर्ज हो पाती हैं।
उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि समाज को अन्य 99 प्रतिशत (अपराधों) से लड़ना होगा। भ्रष्टाचार के मामले में भी ऐसा ही है... समाज को भ्रष्टाचार को अस्वीकार्य बनाना होगा। दुर्भाग्य से, जब आपके पास ऐसा नेतृत्व होता है जो समय के साथ भ्रष्ट हो जाता है, तो वे भ्रष्टाचार को स्वीकार्य बना देते हैं।
शरीफ (72) नवंबर 2019 से लंदन में हैं, जब लाहौर उच्च न्यायालय ने उन्हें इलाज के लिए चार सप्ताह के लिए विदेश जाने की अनुमति दी थी। तीन बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके शरीफ की बेटी मरियम और दामाद मुहम्मद सफदर को 6 जुलाई, 2018 को एवेनफील्ड संपत्ति मामले में दोषी ठहराया गया था।
Next Story