
Pakistan पाकिस्तान : पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा तनाव एक बार फिर गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। ताजा घटनाक्रम में पाकिस्तान द्वारा बीती रात अफगानिस्तान के कई इलाकों में की गई कथित बमबारी के बाद हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, यह हमला पकतिका, खोस्त और कुनार प्रांतों में किया गया, जिसमें कई आम नागरिकों की जान जाने की खबर है।स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में 13 नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें 11 बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्य जारी है। वहीं पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया है कि यह कार्रवाई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर की गई, जिसमें लगभग 29 लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया गया है।
पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पाकिस्तान तालिबान (TTP) के ठिकानों को निशाना बनाया है। हालांकि अफगानिस्तान की ओर से इस हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया की संभावना जताई जा रही है। दोनों देशों के बीच पहले से ही सीमा विवाद और आतंकवाद को लेकर तनाव बना हुआ है।डूरंड लाइन को लेकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से मतभेद चला आ रहा है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान तालिबान के समर्थन से पाकिस्तान तालिबान (TTP) उसके भीतर हमले करता है। हाल के वर्षों में पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों पर कई हमले हुए हैं, जिनमें कई जवानों की जान भी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा पार इस तरह की कार्रवाई से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ सकता है। अफगानिस्तान की ओर से जवाबी कार्रवाई की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। हालांकि अब तक दोनों पक्षों की ओर से औपचारिक रूप से किसी बड़े सैन्य टकराव की घोषणा नहीं की गई है।27 जून को कराची में हुए हमले में चार पाकिस्तानी जवानों की मौत के बाद से ही क्षेत्र में तनाव पहले से बढ़ा हुआ था। ताजा घटनाक्रम ने स्थिति को और जटिल बना दिया है।अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस बात पर टिकी है कि दोनों देश इस तनाव को कूटनीतिक स्तर पर हल करते हैं या हालात और आगे बढ़ते हैं।





