विश्व

हूती का दावा, सऊदी के खिलाफ चलाए पांच अभियान, अहम प्रतिष्ठानों को किया तबाह

jantaserishta.com
29 Nov 2026 8:56 AM IST
हूती का दावा, सऊदी के खिलाफ चलाए पांच अभियान, अहम प्रतिष्ठानों को किया तबाह
x
सना: यमन के हूती समूह ने दावा किया है कि उसने पिछले 48 घंटों में सऊदी अरब के खिलाफ पांच सैन्य अभियान चलाए। उसके मुताबिक एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रडार प्रतिष्ठानों और प्रमुख ऊर्जा केंद्रों को निशाना बनाया गया।
हूती-संचालित 'अल-मसीराह टीवी' पर प्रसारित एक बयान में, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने शनिवार को कहा कि पहले ऑपरेशन में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया, जबकि दूसरे ऑपरेशन में दक्षिण-पश्चिमी शहरों - आभा और खमीस मुशैत - में दो रडार केंद्रों को तबाह कर दिया गया।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सरिया ने बताया कि तीसरे और चौथे ऑपरेशन में क्रमशः दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब की जाजान रिफाइनरी और पूर्वी प्रांत के हविया गैस प्लांट को निशाना बनाया गया। दावा किया कि इन दोनों हमलों के कारण वहां आग लग गई।
उन्होंने कहा कि पांचवें ऑपरेशन में दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के अल-शुकाइक और जाजान में स्थित बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया गया, जिससे इन दोनों जगहों को भारी नुकसान पहुंचा है। सरिया ने इन पांचों ऑपरेशनों को यमन भर में बिजली स्टेशनों और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचे पर सऊदी अरब द्वारा किए गए हवाई हमलों का जवाब बताया। उन्होंने कहा कि उनका समूह सीमा पार हमले जारी रखेगा। दोहराया कि जब तक यमन के हूती-नियंत्रित इलाकों के खिलाफ सैन्य अभियान नहीं रुकते और इन इलाकों पर लगी 'नाकाबंदी' (जैसा कि वे इसे कहते हैं) नहीं हटाई जाती, तब तक वे 'हमले का जवाब हमले से' देने की अपनी नीति पर कायम रहेंगे।
हूती गुट द्वारा किए गए इन हमलों और उनके दावे के अनुसार हुए नुकसान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके अलावा, शनिवार को ही सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि उसने हूती गुट द्वारा सऊदी अरब के विभिन्न क्षेत्रों की ओर दागी गई कई मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।
ये घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं जब हूती विद्रोहियों और सऊदी गठबंधन समर्थित सरकारी बलों के बीच लड़ाई तेज हो गई है, और दोनों पक्ष कई मोर्चों पर एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। यह देश 2014 के आखिर से ही संघर्ष में उलझा हुआ है, जब हूती ने राजधानी सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व में सैन्य हस्तक्षेप शुरू हुआ।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story