विश्व
हूती ने सऊदी हवाई अड्डे और तेल पाइपलाइन पर हमलों का दावा किया
jantaserishta.com
14 Nov 2026 9:35 AM IST

x
सना: यमन के हूती समूह ने कहा है कि उसने सऊदी अरब में एक प्रमुख हवाई अड्डे और तेल क्षेत्रों पर नए ड्रोन हमले किए हैं। हूती-संचालित अल-मसीराह टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इसके साथ ही यमन और दक्षिणी सऊदी अरब में सऊदी-समर्थित सैन्य ठिकानों पर भी कई हमले किए गए हैं।
शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को आई एक रिपोर्ट में हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया के हवाले से कहा गया है कि एक ड्रोन ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया, जबकि दो अन्य ड्रोन ने शहर के पूर्व में ईस्ट-वेस्ट ऑयल पाइपलाइन के पास स्थित पंपिंग स्टेशन नंबर 3 पर हमला किया।
उन्होंने दावा किया कि दोनों अभियानों में अपने लक्ष्य हासिल कर लिए गए हैं। एक अन्य रिपोर्ट में, सरिया ने बताया कि दो बैलिस्टिक मिसाइलों ने सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी जाजान क्षेत्र के अल-तुवाल इलाके में सऊदी बलों के जमावड़े को निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि इसमें दर्जनों सैनिक मारे गए या घायल हुए, जिनमें सूडानी नागरिक भी शामिल हैं।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने आगे बताया कि बैलिस्टिक मिसाइलों से उत्तरी यमन के पूर्वी अल-जौफ प्रांत में, और दक्षिणी लाहज प्रांत के खराज तथा खोर उमैराह इलाकों में सऊदी-समर्थित सैनिकों के जमावड़ों को निशाना बनाया गया। दावा किया कि मिसाइलों का निशाना सटीक था, जिससे काफी नुकसान हुआ और कई लोग हताहत हुए।
अल-मसीराह टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सरिया ने यह भी दावा किया कि यमन के दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन स्थित रास अबास सैन्य अड्डे पर, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों से सऊदी हथियारों के गोदामों को निशाना बनाया गया।
इन हमलों, हताहतों और नुकसान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, और सऊदी अधिकारियों ने इन दावों पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। ये दावे ऐसे समय में सामने आए हैं जब यमन के कई मोर्चों पर, विशेष रूप से रणनीतिक 'बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य' के पास, हूती लड़ाकों और सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन समर्थित सरकारी बलों के बीच भीषण लड़ाई चल रही है।
हूती गुट ने सऊदी अरब की तेल सुविधाओं, हवाई अड्डों और सैन्य ठिकानों पर बार-बार मिसाइल और ड्रोन हमले करने का भी दावा किया है। यमन 2014 के आखिर से ही संघर्ष में उलझा हुआ है। उस समय हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद 2015 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन ने सैन्य हस्तक्षेप किया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





