विश्व
ऑपरेशन के दौरान हिलने लगा अस्पताल, डॉक्टरों ने जान जोखिम में डालकर मरीज को सुरक्षित रख जीता दुनिया का दिल
jantaserishta.com
9 Aug 2026 2:22 PM IST

x
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: एक अस्पताल में डॉक्टरों ने जो किया, उसने पूरी दुनिया का दिल जीत लिया. जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके (NHK) की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 जुलाई को कुमामोटो प्रीफेक्चर में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप के दौरान कुमामोटो जनरल हॉस्पिटल में चार सर्जरी चल रही थीं. ऑपरेशन थिएटर में लगे सीसीटीवी कैमरों ने उस पल को रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑपरेशन के दौरान अचानक पूरा कमरा हिलने लगता है. मेडिकल उपकरण जोर-जोर से डगमगाने लगते हैं. इसके बावजूद डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर छोड़कर बाहर नहीं भागते. वे तुरंत मरीज के चारों ओर खड़े होकर उसे सुरक्षित रखने की कोशिश करते हैं, ताकि किसी तरह का नुकसान न हो.उधर, एक नर्स फौरन ऑपरेशन थिएटर का दरवाजा खोल देती है, ताकि जरूरत पड़ने पर सुरक्षित निकासी का रास्ता उपलब्ध रहे. संकट की उस घड़ी में मेडिकल टीम की सूझबूझ और संयम ने लोगों को प्रभावित किया.
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, भूकंप के समय चार ऑपरेशन चल रहे थे. राहत की बात यह रही कि सभी सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुईं और किसी भी मरीज को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के कारण अस्पताल की पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई थी. इसके चलते कुछ समय के लिए ओपीडी सेवाएं रोकनी पड़ीं. बाद में आपातकालीन उपयोग के लिए सुरक्षित रखे गए कुएं के पानी की जांच की गई. पानी सुरक्षित मिलने के बाद अस्पताल ने फिर से बाहरी मरीजों का इलाज शुरू कर दिया.
अस्पताल के निदेशक शिमादा शिन्या ने बताया कि कुछ लिफ्टें अभी भी बंद हैं और भर्ती मरीजों के लिए भोजन व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है. इसके बावजूद अस्पताल ने सेवाएं दोबारा शुरू कर दी हैं, ताकि स्थानीय लोगों का भरोसा बना रहे और मरीजों का इलाज प्रभावित न हो.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की जमकर सराहना कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि जिस तरह उन्होंने अपनी सुरक्षा से पहले मरीजों की जान को प्राथमिकता दी, वह डॉक्टर होने के असली मायने दिखाता है. यही वजह है कि यह वीडियो सिर्फ भूकंप का नहीं, बल्कि हिम्मत, कर्तव्य और इंसानियत की मिसाल बनकर इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.
通常診療を再開した熊本県八代市の「熊本総合病院」今回の熊本地震の瞬間、手術室の緊迫した様子が病院のカメラに映っていました↓https://t.co/TS7biPg7wQ pic.twitter.com/mRtPFegV8B
— NHKニュース (@nhk_news) August 6, 2026
Tagsऑपरेशन थिएटरऑपरेशन थिएटर में भूकंपभूकंपजापानoperation theatreearthquake in operation theatreearthquakeJapan
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





