विश्व

अमेरिका-चीन वार्ता के बाद व्हाइट हाउस में हाई-प्रोफाइल डिनर

nidhi
25 Sept 2026 8:09 AM IST
अमेरिका-चीन वार्ता के बाद व्हाइट हाउस में हाई-प्रोफाइल डिनर
x
व्हाइट हाउस में ट्रंप-शी जिनपिंग का डिनर
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच व्हाइट हाउस में अहम द्विपक्षीय वार्ता संपन्न हुई। दोनों नेताओं ने व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ताइवान, ईरान और वैश्विक सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद ट्रंप ने इसे “ग्रेट मीटिंग” बताया, हालांकि दोनों देशों के बीच प्रमुख विवादों पर किसी बड़े समझौते की घोषणा नहीं हुई।
शी चिनफिंग अमेरिका की राजकीय यात्रा पर वॉशिंगटन पहुंचे हैं। गुरुवार को व्हाइट हाउस में उनका
औपचारिक स्वागत
किया गया। इसके बाद ट्रंप और चिनफिंग के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई। बैठक से पहले दोनों नेताओं ने अमेरिका-चीन संबंधों में सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। चिनफिंग ने दोनों देशों के बीच टकराव से बचने और मतभेदों को बातचीत के जरिए संभालने की बात कही। दोनों देशों के बीच व्यापार लंबे समय से प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। टैरिफ, बाजार तक पहुंच, रेयर अर्थ मिनरल्स और टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रतिबंधों पर अमेरिका और चीन के बीच मतभेद हैं। इसके अलावा एडवांस AI टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में दोनों देशों की प्रतिस्पर्धा भी बैठक के एजेंडे में रही।
ताइवान भी बातचीत के महत्वपूर्ण विषयों में शामिल रहा। बीजिंग ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि अमेरिका ताइवान के साथ अनौपचारिक संबंध बनाए हुए है। इसके अलावा ईरान युद्ध और दूसरे अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई। बैठक के बाद ट्रंप ने पत्रकारों के सवालों का विस्तार से जवाब नहीं दिया और केवल बातचीत को अच्छा बताया।
द्विपक्षीय वार्ता के बाद व्हाइट हाउस में चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में स्टेट डिनर आयोजित किया गया। राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने इसकी मेजबानी की। व्हाइट हाउस के मुताबिक डिनर में दोनों देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों के साथ कारोबारी और सरकारी क्षेत्र के प्रमुख लोग शामिल हुए।
इस डिनर की सबसे खास बात अमेरिकी टेक्नोलॉजी जगत के बड़े चेहरों की मौजूदगी रही। अतिथियों में टेस्ला और स्पेसएक्स के एलन मस्क, अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस, गूगल के सुंदर पिचाई, एनवीडिया के जेनसन हुआंग और टेक इंडस्ट्री से जुड़े कई अन्य दिग्गज शामिल रहे। टेक कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी ऐसे समय महत्वपूर्ण रही जब AI और अत्याधुनिक तकनीक अमेरिका-चीन प्रतिस्पर्धा के केंद्र में हैं।
स्टेट डिनर में ट्रंप ने अमेरिका और चीन की अलग-अलग राजनीतिक व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध बनाए रखने पर जोर दिया। हालांकि दिनभर चली कूटनीतिक गतिविधियों के बावजूद व्यापार, AI और ताइवान जैसे संवेदनशील मुद्दों पर बड़े समाधान की घोषणा नहीं की गई। चिनफिंग की यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाएं व्यापार और तकनीकी प्रतिस्पर्धा के साथ कई वैश्विक मुद्दों पर अलग-अलग रुख रखती हैं। व्हाइट हाउस की बैठक ने संवाद जारी रखने का मंच दिया, लेकिन दोनों देशों के बीच मौजूद प्रमुख मतभेद फिलहाल बरकरार हैं।
Next Story