विश्व

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में बाढ़-भूस्खलन से मची भारी तबाही

Subhi
20 Nov 2021 2:25 AM GMT
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में बाढ़-भूस्खलन से मची भारी तबाही
x
उत्तरी अमेरिका में कनाडा के प्रांत ब्रिटिश कोलंबिया में हुई मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ ने बड़ी तबाही मचाई है। भारी बारिश की वजह से कई जगहों से भूस्खलन की घटनाओं की भी सूचना है।

उत्तरी अमेरिका में कनाडा के प्रांत ब्रिटिश कोलंबिया में हुई मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ ने बड़ी तबाही मचाई है। भारी बारिश की वजह से कई जगहों से भूस्खलन की घटनाओं की भी सूचना है। स्थानीय अफसरों ने जान-माल का नुकसान और अधिक होने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार बाढ़ के हालात को देखते हुए बुधवार को यहां आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। दक्षिणी ब्रिटिश कोलंबिया में शनिवार से सोमवार के बीच रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है। इससे निचले इलाकों और प्रमुख अंदरूनी हिस्सों में हर जगह पानी भर गया। प्रमुख रास्तों के डूबने से आवाजाही पूरी तरह ठप होने से अन्य जगहों से इसका संपर्क टूट गया।
कनाडा इस समय भारी बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं का दंश को झेल रहा है। बाढ़ की वजह से करीब 18 हजार लोग फंसे हुए हैं और भोजन के संकट से जूझ रहे हैं। एबॉट्सफोर्ड के मेयर हेनरी ब्राउन ने बाढ़ के हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये शहर में क्या हो रहा है, इसे देखकर मेरा दिल दुखता है।
इधर, मौसम के बदलने से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हुई है। वहीं कनाडा की सरकार ने बाढ़ और भूस्खलन के कारण टूट चुके राजमार्गों की मरम्मत में मदद के लिए सेना भेजी है। एक अनुमान के मुताबिक, एबॉट्सफोर्ड में बाढ़ के हालात के मद्देनजर करीब 1100 घरों को खाली कराया गया है। इसके साथ ही मेरिट कस्बे से करीब सात हजार को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
बाढ़ के स्थिति पर प्रधानमंत्री जस्टिन टूड्रो ने कहा है कि ब्रिटिश कोलंबिया में मूसलाधार बारिश के कारण भीषण बाढ़ आई है और कई लोग मारे गए हैं। मैं वहां के हालात को देखकर चिंतित हूं। हम कनाडा सशस्त्र बल सहित कई तरह की मदद भेज रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम खराब मौसम के कारण हुई घटनाओं से निपटने और पुनर्निर्माण के लिए भी तत्पर रहेंगे। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि बाढ़ की वजह से करीब तीन चौथाई घर प्रभावित हुए हैं। यहां कई सड़कें अब भी बंद हैं। ऐसे में मेरिट के करीब सात हजार निवासियों को आपात सेवा के अधिकारियों ने पास के कमलूप्स भेजा है।

Next Story