विश्व

अफगानिस्तान का हॉन्टेड मिलिट्री आउटपोस्ट, रात में होती हैं कई अजीबोगरीब घटनाएं

Shiddhant Shriwas
22 Sep 2021 12:09 PM GMT
अफगानिस्तान का हॉन्टेड मिलिट्री आउटपोस्ट, रात में होती हैं कई अजीबोगरीब घटनाएं
x
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे ने वैश्विक राजनीति में एक नई पटकथा की शुरुआत की है। इस देश का इतिहास अनूठा रहा है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे ने वैश्विक राजनीति में एक नई पटकथा की शुरुआत की है। इस देश का इतिहास अनूठा रहा है। यहां पर जिस किसी भी साम्राज्य ने अपनी प्रभावशीलता जमाने की कोशिश की, उसकी यहां पर केवल कब्रें ही खुदी हैं। इसी वजह से अफगानिस्तान को ग्रेवयार्ड ऑफ एम्पायर्स के नाम से जाना जाता है। 1979 से लेकर 1989 के बीच सत्ता संघर्ष के दौरान यहां पर करीब 10 हजार से भी ज्यादा सोवियत सैनिक मारे गए। 2001 से 2021 के बीच कई अमेरिकी सैनिकों ने भी अफगानिस्तान में अपनी जान गवाई।

इसी कड़ी में आज हम बात करने वाले हैं अफगानिस्तान के एक ऐसे हॉन्टेड मिलिट्री आउटपोस्ट के बारे में, जिसके बारे में कहा जाता है कि वहां पर आज भी कई रहस्यमयी आवाजें सुनाई देती हैं। इस जगह पर कई पैरानॉर्मल घटनाएं होती हैं, जिसका जिक्र यहां पर तैनात रहे कई मरीन सैनिकों ने किया था। आइए जानते हैं इस रहस्यमयी जगह के बारे में -

ये डरावनी जगह अफगानिस्तान के हेलमंद प्रोविंस में स्थित है। ऑपरेशन एनड्यूरिंग फ्रीडम के पहले यहां पर एक आउटपोस्ट था, जिसे द रॉक के नाम से जाना जाता था। अमेरिकी सेना के अफगानिस्तान में कदम रखने से पहले ये जगह तालिबानी आतंकियों के कब्जे में थी।

स्थानीय लोगों की मानें तो अमेरिकी मिसाइल के हमले ने इस पूरी जगह को निस्ते-नाबूत कर दिया। इस हमले में कई तालिबानी आतंकी वहां पर जिंदा ही दफन हो गए। हालांकि खोजबीन में यहां पर कई हड्डियां भी मिलीं, जो करीब 100 साल से भी अधिक पुरानी थी। गौरतलब बात है कि सुरक्षा कारणों के चलते इस जगह का अब तक विस्तृत अध्ययन नहीं हो पाया है।

कई लोगों का कहना है कि ये रॉक बहुत समय पहले एक किला हुआ करता था। ऑपरेशन एनड्यूरिंग फ्रीडम के दौरान यहां पर तैनात कई मरीन सैनिक और ब्रिटिश सेना के लोगों ने इस बात का दावा किया कि उन्हें इस स्थान पर कई रहस्यमयी घटनाएं दिखाई देती थीं। उन्हें अमूमन अजीबोगरीब स्टेटिक रेडियों की आवाजें सुनाई देती। इसके अलावा उन्होंने कई रहस्यमयी लाइटें भी देखीं।

इस जगह के बारे में बात करते हुए कुछ सैनिकों ने बताया था कि रात के घने अंधेरे में उनको रसियन आवाजें सुनाई देती थी। मरीन सैनिकों को अक्सर इस स्थान पर ऐसा महसूस होता था कि कोई उन्हें देख रहा है। इसके अलावा उनको सड़े मांस की बदबू भी आती थी। अफगानिस्तान के इस मोस्ट हॉन्टेड मिलिट्री आउटपोस्ट के रहस्य से अब तक पर्दा नहीं उठ सका है।

Next Story