विश्व
ट्रंप-पुतिन का भव्य स्वागत, जापानी पीएम को ठंडा रिस्पॉन्स! एपेक में चीन का कूटनीतिक संदेश
jantaserishta.com
19 Nov 2026 11:53 AM IST

x
बीजिंग: चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है। बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहुंचे। इनका भव्य स्वागत किया गया वहीं जापान की पीएम सनाए ताकाइची के प्रति रिस्पॉन्स बेहद ठंडा दिखा। ग्लोबल मीडिया में ये चर्चा का विषय है।
चीन के इस कूटनीतिक व्यवहार को जापान के साथ ताइवान को लेकर जारी तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। एपेक सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे विभिन्न देशों के नेताओं का सैन्य बैंड, फूलों के गुलदस्तों और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया तो जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची को अपेक्षाकृत कम तवज्जो मिली।
द गार्जियन की रिपोर्ट में इसका जिक्र किया गया है। ताकाइची जब शेनझेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचीं तो उनके स्वागत के लिए चीन की पूर्व राजदूत झांग कियुए मौजूद थीं। उनके साथ सीमित संख्या में गार्ड ऑफ ऑनर के जवान थे। इसके विपरीत, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग खुद हवाई अड्डे पहुंचे। ट्रंप के स्वागत में सैन्य सम्मान, बच्चों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी भी रही।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत शी जिनपिंग के करीबी वरिष्ठ कम्युनिस्ट पार्टी नेता काई छी ने किया। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को भी भव्य स्वागत मिला।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, चीन और जापान के बीच मौजूदा तनाव की प्रमुख वजह ताइवान को लेकर ताकाइची का बयान है। पिछले साल नवंबर में जापान की संसद में उन्होंने कहा था कि यदि चीन ताइवान पर हमला करता है और इससे जापान के अस्तित्व पर खतरा पैदा होता है, तो जापान की आत्मरक्षा सेनाएं सैन्य कार्रवाई कर सकती हैं।
ताकाइची ने यह भी कहा था, "जापान को ताइवान स्ट्रेट में संभावित संकट से निपटने की तैयारी करनी चाहिए।" जापान का सबसे पश्चिमी द्वीप योनागुनी ताइवान से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। चीन ताइवान को अपना अभिन्न हिस्सा मानता है और उसे अपने साथ मिलाने के लिए बल प्रयोग की संभावना से भी इनकार नहीं करता। बीजिंग ने ताकाइची की टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों में तनाव बढ़ा है।
हालांकि, एपेक के स्वागत समारोह में ताकाइची और शी जिनपिंग ने हाथ मिलाया और संक्षिप्त बातचीत भी की। यह पिछले साल ताइवान पर ताकाइची की टिप्पणियों के बाद दोनों नेताओं की पहली सार्वजनिक मुलाकात थी।
इस बीच, जापान की प्रधानमंत्री ने एपेक सम्मेलन से इतर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात की। जापान सरकार के अनुसार, बातचीत में रूस में हिरासत में रखे गए एक जापानी नागरिक और वहां जापानी कंपनियों के हितों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





