विश्व

प्रेमिकाओं की हत्या कर खा जाता था शरीर के अंग, अन्य 8 महिलाओं का भी किया ये हाल

Neha Dani
20 May 2021 5:24 AM GMT
प्रेमिकाओं की हत्या कर खा जाता था शरीर के अंग, अन्य 8 महिलाओं का भी किया ये हाल
x
जबकि फ्लोर विजकैनो को आखिरी बार साल 2016 में देखा गया था।

सीरियल किलर को लेकर आपने कई कहानियां सुनी होंगी जिन्होंने कई हत्याएं की होंगी, लेकिन मैक्सिको के एक खूंखार सीरियल किलर की कहानी अलग है। 72 साल के इस सीरियल किलर ने एक या दो नहीं बल्कि नौ औरतों का बेरहमी से कत्ल कर दिया। उसने कई पीड़िताओं को मौत के घाट उतारने वाली अपनी करतूतों को फिल्माया भी है। इतना ही नहीं आरोपी नरभक्षी निकला। वह महिलाओं की हत्या करने के बाद उनके शरीर के अंगों को खा जाता था।

लापता महिला की तलाश के दौरान आठ अन्य महिलाओं की हत्या का हुआ खुलासा
मैक्सिको के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे एक 34 वर्षीय लापता महिला रेयना गोंजालेज की तलाश में उसके प्रेमी एन्ड्रेस मेंडोजा के घर पहुंचे, जहां उन्हें रेयना के अलावा आठ और महिलाओं के अवशेष मिले। ऐसे में जब जांच-पड़ताल आगे बढ़ी तो आरोपी ने पुलिस के सामने पीड़िताओं की हत्या के बाद उनके शरीर के अंगों को खाने की बात कबूल ली। उसने कथित तौर पर पीड़िताओं की हत्याओं का वीडियो भी बनाया था। इधर, मेक्सिको राज्य के लिए अटॉर्नी जनरल के कार्यालय की तरफ से कहा गया कि आठ अन्य महिलाओं की हत्या एन्ड्रेस मेंडोजा द्वारा 20 साल के दौरान की गई हो सकती है।
प्रेमी से अपने रिश्ते को खत्म करने उसके घर गई थी महिला
जानकारी के अनुसार, दो लड़कियों की मां रेयना गोंजालेज बीते शुक्रवार (14 मई) को अपने प्रेमी एन्ड्रेस मेंडोजा के घर यह बताने के लिए गई थी कि वह अब उनके रिश्ते को खत्म कर रही है। आरोपी रेयना की बात से सहमत नहीं हुआ। ऐसे में उसने महिला को बंदी बना लिया और उसकी छाती में छुरा घोंपकर उसे मार डाला। बाद में उसने धारदार हथियार से रेयना के शव के टुकड़े करके एक बैग के अंदर भर दिया। अधिकारी बीते शनिवार (15 मई) को जब मेंडोजा के घर जांच के लिए पहुंचे तब उन्हें एक बैग के अंदर रेयना के शरीर के टुकड़े और आठ अन्य महिलाओं के अवशेष मिले, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
सर्च अभियान में पुलिस के हाथ लगे कई साक्ष्य
जब पुलिस को अहसास हुआ कि वह एक सीरियल किलर से डील कर रहे हैं तो उन्होंने घटनास्थल पर एक खोजी कुत्ते को बुलाया, जिसकी मदद से आरोपी के घर के एक क्षेत्र में खुदाई के बाद अन्य महिलाओं के अवशेष पाए गए। वहीं, पुलिस की एक अलग टीम ने आरोपी के घर के फर्श के कई हिस्सों में ड्रिल करके मानव अवशेषों और महिलाओं के बाल, कपड़े और जूते बरामद किए। इसके अलावा पुलिस ने वीडियो टेप का एक संग्रह, जिसमें कथित तौर पर कई महिलाओं की हत्याओं के फुटेज और 29 महिलाओं के नाम के साथ एक नोटबुक जब्त किया। साथ ही पुलिस को 32 वर्षीय महिला रुबिकेला कैस्टिलो और 38 वर्षीय महिला फ्लोर विजकैनो का मतदाता पहचान पत्र भी मिला। साल 2019 में रुबिकेला के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी जबकि फ्लोर विजकैनो को आखिरी बार साल 2016 में देखा गया था।

Next Story