विश्व

भारत में जर्मन राजदूत वाल्टर जे. लिंडर ने कहा- सभी वैश्विक मुद्दों पर भारतीयों का अहम रोल

Gulabi
27 Sept 2021 3:50 PM IST
भारत में जर्मन राजदूत वाल्टर जे. लिंडर ने कहा- सभी वैश्विक मुद्दों पर भारतीयों का अहम रोल
x
भारत में जर्मन राजदूत वाल्टर जे. लिंडर

भारत में जर्मन राजदूत वाल्टर जे. लिंडर (Walter J. Lindner) ने कहा कि दुनिया में किसी भी मुद्दे पर समाधान के लिए भारत का अहम रोल है। उन्होंने कहा कि विश्व का हर पांचवा व्यक्ति भारतीय है। ऐसे में वैश्विक पहलुओं पर जो कुछ भी करना है उसके लिए भारत की आवश्यकता है। चाहे वह आतंकवाद हो, ग्लोबल वार्मिंग हो, जनसंख्या का मुद्दा हो या जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई हो। भारत के बिना कोई समाधान नहीं निकल सकता है।

समाचार एजेंसी एएनआइ को दिए अपने इंटरव्यू में उन्होंने जर्मनी में अगली सरकार के गठन को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि क्रिसमस तक बर्लिन में अगली सरकार बन जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टियों के बीच बातचीत चल रही है और मुझे लगता है क्रिसमस तक जर्मनी में अगली सरकार बन जाएगी।

जर्मनी में रविवार को हुए आम चुनावों में वामपंथी विचारों वाली सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी (एसडीपी) सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरी है। एसडीपी को 25 फीसद से ज्यादा वोट हासिल हुए हैं। वहीं, 24 फीसद वोटों के साथ सीडीयू और सीएसयू हैं। ग्रीन पार्टी चौथे नंबर पर है। इस बार एंजेला मर्केल की सीडीयू पीछे रही है। बता दें कि मर्केल ने आम चुनाव से पहले ही साफ कर दिया था कि वह इस बार चांसलर की दौड़ में शामिल नहीं होंगी। चुनावी नतीजे आने के बाद राजनीतिक पार्टियों में सरकार बनाने की होड़ शुरू हो जाएगी। रुझानों में फिलहाल किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने के आसार नहीं हैं।
Next Story