विश्व

स्पेन में आम चुनाव आज: सांचेज बनाम दक्षिणपंथ की टक्कर, बदलेगी यूरोप की राजनीति?

jantaserishta.com
29 Nov 2026 8:25 AM IST
स्पेन में आम चुनाव आज: सांचेज बनाम दक्षिणपंथ की टक्कर, बदलेगी यूरोप की राजनीति?
x
मैड्रिड: स्पेन में रविवार को आम चुनाव के लिए मतदान होगा। स्नैप इलेक्शन में प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के आठ साल के शासनकाल के रिकॉर्ड और देश की भावी राजनीतिक दिशा को लेकर दो अलग-अलग विचारधाराओं के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस चुनाव के नतीजे न केवल स्पेन की सत्ता का भविष्य तय करेंगे, बल्कि यूरोप की राजनीति में दक्षिणपंथी ताकतों के बढ़ते प्रभाव के लिहाज से भी अहम माने जा रहे हैं।
समाजवादी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज जहां अपने कार्यकाल को आर्थिक विकास, सामाजिक सुधार और प्रगतिशील नीतियों की उपलब्धियों के रूप में पेश कर रहे हैं, वहीं विपक्षी कंजरवेटिव पीपुल्स पार्टी (पीपी) और दक्षिणपंथी वॉक्स पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार, आव्रजन प्रबंधन और आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी के आरोप लगा रही हैं।
मीडिया रिपोर्टेस के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान आवास संकट और आव्रजन सबसे बड़े मुद्दे बनकर उभरे हैं। सांचेज की स्पेनिश सोशलिस्ट वर्कर्स पार्टी (पीएसओई) को सत्ता में वापसी के लिए वामपंथी सहयोगियों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। दूसरी ओर, अल्बर्टो नूनेज फेइखो के नेतृत्व वाली पीपुल्स पार्टी और सैंटियागो अबास्कल की वॉक्स पार्टी के बीच संभावित गठजोड़ को लेकर भी राजनीतिक चर्चा तेज है।
चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में पीपी को सबसे अधिक सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, 350 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 176 सीटें जरूरी हैं। ऐसे में पीपी को सरकार बनाने के लिए वॉक्स के समर्थन की आवश्यकता पड़ सकती है। यह स्थिति स्पेन में 1975 में फ्रांसिस्को फ्रांको की तानाशाही समाप्त होने के बाद पहली बार दक्षिणपंथी और धुर दक्षिणपंथी ताकतों की राष्ट्रीय सरकार में संभावित भागीदारी का रास्ता खोल सकती है।
सांचेज 2018 से सत्ता में हैं। वह अपने कार्यकाल में स्पेन की अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन को बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। यूरोपीय आयोग के अनुमान के मुताबिक, स्पेन की अर्थव्यवस्था में इस साल 2.6 प्रतिशत वृद्धि की संभावना है, जबकि यूरोजोन के लिए यह अनुमान 1.2 प्रतिशत है। सांचेज ने न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी और रोजगार के अवसरों को भी अपनी सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सांचेज ने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों की आलोचना की, नाटो के रक्षा खर्च को पांच प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग पर असहमति जताई है और गाजा में इजरायली सैन्य कार्रवाई को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। आव्रजन के समर्थन में उनका पक्ष भी यूरोप की कई दक्षिणपंथी सरकारों और राजनीतिक दलों से अलग रहा है।
हालांकि, घरेलू मोर्चे पर उनकी सरकार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। स्पेन में मकानों की बढ़ती कीमतें, महंगे किराये, खाद्य पदार्थों की लागत और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ता दबाव मतदाताओं की चिंता के प्रमुख विषय हैं। आवास संबंधी राहत उपायों को संसद में समर्थन नहीं मिलने और किराये तथा बेदखली के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के बीच सांचेज ने अक्टूबर में मध्यावधि चुनाव कराने का फैसला किया था।
विपक्ष का आरोप है कि आर्थिक विकास के आंकड़ों का लाभ आम नागरिकों तक अपेक्षित रूप से नहीं पहुंचा है। इसके अलावा, सांचेज के करीबी सहयोगियों और परिवार के सदस्यों से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों ने भी उनकी राजनीतिक स्थिति को प्रभावित किया है। सरकार को आव्रजन संकट से निपटने और हाल के दो भीषण रेल हादसों के बाद उठे सवालों पर भी विपक्ष की आलोचना झेलनी पड़ी है।
वॉक्स पार्टी ने अपने प्रचार में आव्रजन पर सख्त नियंत्रण, राष्ट्रीय पहचान को प्राथमिकता और क्षेत्रीय अलगाववादी आंदोलनों के खिलाफ कठोर रुख अपनाने का वादा किया है। पार्टी स्पेन के नागरिकों को सामाजिक सुविधाओं में प्राथमिकता देने की नीति की भी वकालत कर रही है। चुनाव पूर्व अनुमानों में उसे 2023 के चुनाव में मिली 33 सीटों की तुलना में उल्लेखनीय बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है।
पीपी नेता फेइखो ने जहां करों में कटौती और सरकारी नियमों को आसान बनाने का वादा किया है, वहीं सांचेज ने मतदाताओं से सामाजिक अधिकारों और प्रगतिशील नीतियों की रक्षा के लिए समर्थन मांगा है। उन्होंने चुनाव को स्पेन के आगे बढ़ने या पीछे लौटने के विकल्प के रूप में पेश किया है।
TagsSpain
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story