विश्व

चार दिनों के लिए सउदी अरब पहुंचे भारतीय नौसेना के चार जहाज, भारतीय नौसेना ने जारी किया बयान

Subhi
9 May 2022 1:06 AM GMT
चार दिनों के लिए सउदी अरब पहुंचे भारतीय नौसेना के चार जहाज, भारतीय नौसेना ने जारी किया बयान
x
भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के चार जहाज विदेशी तैनाती के लिए सऊदी अरब के शहर जेद्दा पहुंच गए हैं। भारतीय नौसेना ने इसे लेकर ट्विटर पर एक बयान भी जारी किया है।

भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के चार जहाज विदेशी तैनाती के लिए सऊदी अरब के शहर जेद्दा पहुंच गए हैं। भारतीय नौसेना ने इसे लेकर ट्विटर पर एक बयान भी जारी किया है। भारतीय नौसेना ने एक बयान में बताया कि नौसेना के जहाज पांच देशों की विदेशी तैनाती के हिस्से के रूप में सऊदी अरब पहुंचे हैं। यहां ये जहाज चार दिनों तक रहेंगे।

भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को अक्टूबर 2008 से अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती रोधी गश्त के लिए तैनात किया गया है ताकि व्यापारिक जहाजों के सुरक्षित पारगमन को सुनिश्चित किया जा सके।

नौसेना ने अपने बयान में आगे बताया कि इस यात्रा के दौरान, प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन आफताब अहमद खान के साथ में भारतीय जहाजों के कमांडिंग अधिकारियों के साथ रॉयल सऊदी नौसेना बलों के पश्चिमी बेड़े के कमांडर रियर एडमिरल याह्या बिन मोहम्मद अल-असीरी से मुलाकात की। अधिकारियों के बीच बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय नौसेना सहयोग और प्रशिक्षण पहल के मुद्दों पर चर्चा की गई।

गौरतलब है कि जेद्दा लाल सागर के तट पर स्थित एक बंदरगाह शहर है, जो स्वेज नहर और अदन की खाड़ी के बीच स्थित है। भारतीय नौसेना नियमित रूप से इस क्षेत्र में समुद्री डकैती रोधी अभियानों का संचालन करती है। भारतीय नौसेना के आईएनएस कोलकाता ने हाल ही में अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती रोधी गश्त के हिस्से के रूप में 4 से 7 मई तक जिबूती का दौरा किया है।


Next Story