विश्व

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के चार लोगों की हत्या, दो आरोपी हिरासत में

jantaserishta.com
24 Aug 2026 12:22 PM IST
बांग्लादेश में हिंदू परिवार के चार लोगों की हत्या, दो आरोपी हिरासत में
x
नई दिल्ली: बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने दो भाइयों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गणपति चक्रवर्ती के घर की छत पर याबा ले रहे थे, जिन्हें परिवार ने देख लिया था। इसके बाद परिवार के चारों सदस्यों की हत्या कर दी गई। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और किसी बड़ी साजिश की संभावना की भी जांच कर रही है।
घर से मिले परिवार के चार सदस्यों के शव
बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, 23 वर्षीय बेटी आगमी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम के रूप में हुई है। चारों के शव 22 अगस्त की रात दासपाड़ा इलाके स्थित उनके घर से बरामद किए गए। परिवार करीब चार साल से इस इलाके में रह रहा था और उसने यहां अपना नया मकान बनाया था।
पुलिस ने मामले में मुग्धो दास और 19 वर्षीय सिद्धार्थ दास को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आपस में भाई हैं और पूछताछ के दौरान उन्होंने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार दोनों आरोपी पड़ोस की इमारत के रास्ते गणपति के घर की छत पर पहुंचे थे। वहां दोनों के याबा नाम की नशीली गोली लेने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि गणपति को छत से आवाज सुनाई दी। वह ऊपर पहुंचे और दोनों युवकों से वहां मौजूद होने की वजह पूछी। जांच के मुताबिक, आरोपियों को डर था कि गणपति उन्हें पहचान सकते हैं। इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने गणपति की हत्या कर दी।
आवाज सुनकर उनकी पत्नी प्रीतिलता भी सीढ़ियों की तरफ पहुंचीं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उनकी भी हत्या कर दी। इसके बाद परिवार की बेटी आगमी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम को भी नहीं छोड़ा गया।
हत्या के बाद घंटों घर में रहे आरोपी
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि हत्या करने के बाद दोनों आरोपी तुरंत घर से नहीं निकले। पुलिस के मुताबिक, वे कई घंटे तक घर के अंदर ही छिपे रहे। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इस दौरान खाना खाया और घर में मौजूद चीजें भी इस्तेमाल कीं। पुलिस का दावा है कि उन्होंने नहाया और दोबारा नशा भी किया। इसके बाद घर की बिजली काट दी गई और सामान को इस तरह बिखेरा गया, जिससे घटना को लूट से जोड़ने की कोशिश की गई हो।
पुलिस को कुछ सोने के गहने भी गायब मिले, जिन्हें आरोपियों की जानकारी के आधार पर इलाके की एक खाली इमारत से बरामद किए जाने की बात कही गई है।
कौन थे गणपति चक्रवर्ती?
गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल में शिक्षक रह चुके थे। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने 31 दिसंबर 2025 को रिटायरमेंट लिया था। नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद वह होम्योपैथी का काम करने लगे थे। पड़ोसियों ने उन्हें शांत और मिलनसार व्यक्ति बताया है। उनकी बेटी आगमी ने इसी साल रंगपुर के कारमाइकल कॉलेज से अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी, जबकि 12 वर्षीय बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था।
परिवार के मुताबिक गणपति की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उनकी भतीजी और साली ने भी कहा कि परिवार को समझ नहीं आ रहा कि आखिर किस वजह से पूरे परिवार को निशाना बनाया गया।
परिवार ने जताया बड़ी साजिश का शक
परिजनों ने पुलिस की शुरुआती थ्योरी पर सवाल उठाते हुए किसी बड़े गिरोह की भूमिका की आशंका जताई है। गणपति के बड़े भाई गोपी नाथ चक्रवर्ती ने गिरफ्तार युवकों को जानने से इनकार किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। एक अन्य रिश्तेदार ने बताया कि घर बनाते समय कुछ लोगों ने गणपति को परेशान किया था। हालांकि इस बात का हत्या से कोई सीधा संबंध अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस के मुताबिक गणपति का शव छत पर, उनकी पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों के पास, जबकि बेटे प्रियम का शव एक कमरे में बिस्तर के नीचे मिला। शुरुआती जांच में चारों की मौत गला दबाने से होने की आशंका जताई गई है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस हत्या, लूट और आरोपियों के नशे से जुड़े एंगल की जांच कर रही है। परिवार की ओर से बड़ी साजिश की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में मामले की पूरी सच्चाई पुलिस और सीआईडी की जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story