विश्व

फ्लाईदुबई के हीरो को मिलेगा बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति हर्जोग ने किया ऐलान

nidhi
9 Oct 2026 6:41 AM IST
फ्लाईदुबई के हीरो को मिलेगा बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति हर्जोग ने किया ऐलान
x
भारतीय पायलट स्मित मच्छर की बहादुरी को सलाम

नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की उड़ान में बड़े विमान हादसे को टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को इजरायल अपने सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान से सम्मानित करेगा। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छर की बहादुरी, सूझबूझ और पेशेवर जिम्मेदारी ने एक बड़ी त्रासदी को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार दिया जाएगा। फिलहाल कैप्टन मच्छर अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। राष्ट्रपति ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

दरअसल, 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड-1073 दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान अचानक विमान के कॉकपिट में गंभीर सुरक्षा संकट पैदा हो गया। आरोप है कि ओमान के नागरिक और विमान के सह-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया। इस हमले में भारतीय पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थिति उस समय और खतरनाक हो गई, जब विमान तेजी से नीचे उतरने लगा।
हमले के बावजूद कैप्टन मच्छर ने हिम्मत नहीं हारी। गंभीर चोटों और विपरीत परिस्थितियों के बीच उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। उनकी सूझबूझ से विमान में मौजूद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हस्तक्षेप करने का अवसर मिला। इसके बाद हमलावर सह-पायलट को काबू में कर लिया गया। विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और विमान को सऊदी अरब के ताबूक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया। इस घटना में विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए। हालांकि, कैप्टन स्मित मच्छर को गंभीर चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से उनकी बहादुरी की भारत और इजरायल में लगातार सराहना हो रही है।
राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने यरुशलम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन इजरायली यात्रियों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने विमान में संकट के समय साहस दिखाया था। उन्होंने कहा कि भारतीय पायलट की बहादुरी और पेशेवर कौशल ने यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राष्ट्रपति ने घोषणा की कि कैप्टन मच्छर के स्वस्थ होने के बाद उन्हें इजरायल की जनता की ओर से राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इजरायल की ओर से दिया जाने वाला प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म नागरिक वीरता के लिए देश का सर्वोच्च सम्मान है। इस पुरस्कार की शुरुआत राष्ट्रपति हर्जोग ने अक्टूबर 2023 की घटनाओं के बाद की थी। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने गंभीर खतरे के बीच असाधारण साहस और मानवीय जिम्मेदारी का परिचय दिया हो।
भारतीय पायलट की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की है। प्रधानमंत्री ने 2 अक्टूबर को अस्पताल में उपचार करा रहे कैप्टन मच्छर से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की थी। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में दिखाई गई उनकी सूझबूझ और साहस की प्रशंसा की। बातचीत के दौरान कैप्टन मच्छर ने विमान में हुई घटना और उस समय पैदा हुई गंभीर परिस्थितियों की जानकारी दी।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट से बातचीत की और उनकी बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने कैप्टन मच्छर को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया है। कैप्टन स्मित मच्छर को सम्मानित करने का निर्णय उनकी असाधारण बहादुरी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान माना जा रहा है। विमान में हुई घटना की जांच जारी है और हमलावर सह-पायलट के इरादों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल इस हमले के पीछे के वास्तविक कारणों की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।
कैप्टन मच्छर की समय पर की गई कार्रवाई और यात्रियों के सहयोग ने एक संभावित बड़े विमान हादसे को रोक दिया। अब इजरायल की ओर से सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार देने की घोषणा ने उनके साहस को विशेष पहचान दी है।
Next Story