विश्व

पश्चिमी यूनान के तट पर जहाज में लगी भीषण आग, दो यात्री फंसे, 11 अन्य लापता

Kunti Dhruw
18 Feb 2022 6:11 PM GMT
पश्चिमी यूनान के तट पर जहाज में लगी भीषण आग, दो यात्री फंसे, 11 अन्य लापता
x
पश्चिमी यूनान के तट पर एक जहाज में आग गई। इस दुर्घटना में 11 लोग लापता बताए जाते हैं।

एथेंस, पश्चिमी यूनान के तट पर एक जहाज में आग गई। इस दुर्घटना में 11 लोग लापता बताए जाते हैं, जबकि दो लोग जहाज पर फंस गए हैं जिन्‍हें बचाने की कोशिशें की जा रही हैं। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक दमकलकर्मी और बचाव विशेषज्ञ राहत कार्य में जुट गए हैं। यूनानी अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जहाज पर चालक दल के सदस्यों समेत 278 लोग आग की लपटों में घिर गए थे जिन्‍हें बाहर निकाल लिया गया।

बताया जाता है कि यूरोफेरी ओलंपिया नाम के इस जहाज पर कुल 291 लोग सवार थे। यह घटना उस समय हुई जब जहाज इटली की ओर जा रहा था। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे में बचाए गए यात्रियों को में से 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह कि घायलों में से किसी की हालत नाजुक नहीं है। वहीं समाचार एजेंसी रायटर ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि शुक्रवार को सुबह आग लगने के बाद जहाज दोपहर तक जलता रहा।
तटरक्षक बल की ओर से जारी की गई फुटेज में आग की भयावह लपटें नजर आ रही हैं। जहाज के गैरेज में फंसे दो यात्रियों को बाहर निकालने के लिए एक हेलीकाप्टर स्टैंडबाय पर रखा गया था। जहाज से 11 यात्रियों के लापता होने की पुष्टि हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजहों की छानबीन की जा रही है। घायलों में अधिकांश को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत है। यह जहाज 153 ट्रक, ट्रेलर और 32 यात्री वाहनों को भी ले जा रहा था।


Next Story