विश्व

ईरान और इजरायल के बीच भीषण युद्ध जारी, एयरपोर्ट तबाह

Nilmani Pal
14 Jun 2025 7:21 AM IST
ईरान और इजरायल के बीच भीषण युद्ध जारी, एयरपोर्ट तबाह
x

ईरान। ईरान ने इजरायली हमलों का जवाब देते हुए सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइल दागीं। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने यह जानकारी दी है। एजेंसी के मुताबिक, ईरान ने देश के परमाणु और सैन्य स्थलों पर इजरायल के भीषण हमलों के जवाब में यह कदम उठाया है। उसने बताया कि ईरानी सेना ने इजरायल के खिलाफ अपने अभियान को ‘सिवियर पनिशमेंट’ (गंभीर सजा) नाम दिया है।

वहीं, अमेरिकी सेना ईरान की ओर से इजरायल पर जवाबी कार्रवाई में दागी गई मिसाइल को रोकने में मदद कर रही है। अमेरिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। अधिकारी ने कहा कि अमेरिका मिसाइल रोकने में सहायता करने और क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करने के लिए इजरायल के करीब अपनी प्रणालियों को ले जा रहा है। अधिकारी ने यह नहीं बताया कि अमेरिका ने किस तरह से सहायता प्रदान की, लेकिन अमेरिकी वायु सेना के लड़ाकू विमानों और विध्वंसक मिसाइल रक्षा प्रणाली ने पिछले हमलों के दौरान मिसाइल को रोका है।

इजरायल ने शुक्रवार को ईरान के परमाणु और सैन्य ढांचे पर युद्धक विमानों और ड्रोन से भीषण हमले किए, ताकि प्रमुख प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा सके और शीर्ष जनरल एवं वैज्ञानिकों को मारा जा सके। इसके बाद ईरान ने शुक्रवार को इजरायल की ओर सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइल दागीं। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, ईरान ने देश के परमाणु और सैन्य स्थलों पर इजरायल के भीषण हमलों के जवाब में यह कदम उठाया।

ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित मेहराबाद एयरपोर्ट को शनिवार तड़के इजरायल ने निशाना बनाया। इसके बाद एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एयरपोर्ट के इलाके से भारी आग और घना धुआं उठता देखा गया है। एएफपी के पत्रकार ने बताया कि एयरपोर्ट के पश्चिमी हिस्से से आग और धुएं के ऊंचे गुबार उठ रहे थे, जिससे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। धमाके की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान और इज़राइल के बीच तनाव चरम पर है, और दोनों देशों के बीच हाल ही में मिसाइल हमले और जवाबी कार्रवाई हुई है।


Next Story