विश्व

भीषण संघर्ष: रूसी हमले के बाद भय में लोग, यूक्रेन के 1.20 लाख लोगों ने किया पलायन

Gulabi
26 Feb 2022 2:42 PM GMT
भीषण संघर्ष: रूसी हमले के बाद भय में लोग, यूक्रेन के 1.20 लाख लोगों ने किया पलायन
x
रूसी हमले के बाद भय में लोग
वारसा, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने शनिवार को कहा कि रूसी हमले की वजह से अब तक लगभग 1.20 लाख लोगों ने यूक्रेन से पड़ोसी देशों में पलायन किया है। यह संख्या तेजी से बढ़ रही है। आशंका है कि अगर स्थिति और बिगड़ती है तो यह संख्या 40 लाख तक पहुंच सकती है।रायटर के अनुसार शनिवार सुबह पोलैंड के उप गृह मंत्री पावेल स्जेफर्नकर ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद लगभग एक लाख लोगों ने पोलैंड में प्रवेश किया है।
यूक्रेन पर रूसी हमले पर आइसीसी की नजर
एपी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आइसीसी)के अभियोजक ने कहा है कि वे यूक्रेन पर रूस के हमले की निगरानी कर रहे हैं। युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों पर मुकदमा चलाना आइसीसी के अधिकार क्षेत्र में है, हालांकि अभियोजक करीम खान ने स्वीकार किया कि उस मुद्दे की फिलहाल जांच नहीं कर सकते।
रायटर के अनुसार रूस के संचार नियामक ने शनिवार को 10 स्थानीय मीडिया संस्थानों को चेतावनी दी है। इन संस्थानों पर रूस के सैन्य अभियान को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाया गया है। जिन संस्थानों को नोटिस भेजा गया है उनमें रेडियो स्टेशन इको मोस्किवी और एक समाचार पत्र नोवाया गजेटा है। इस समाचार पत्र के प्रधान संपादक दिमित्री मुराटोव को पिछले साल नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
यूक्रेन की मदद के लिए गोला बारूद भेजेगा स्लोवाकिया
रायटर के अनुसार संकटग्रस्त यूक्रेन की मदद के लिए स्लोवाकिया 11 मिलियन यूरो (लगभग 93 करोड़ रुपये ) के गोला बारूद और ईधन की आपूर्ति करेगा। स्लोवाकिया के रक्षा मंत्री मंत्री ने शनिवार को यह जानकारी दी है।
कीव के मेयर ने कफ्र्यू की अवधि बढ़ाई
एपी के अनुसार कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर कहा कि कफ्र्यू की अवधि शाम पांच बजे से सुबह आठ बजे तक कर दी गई है। कफ्र्यू के दौरान सड़क पर मौजूद सभी नागरिकों को दुश्मन के टोही समूहों का सदस्य माना जाएगा। दो दिन पहले लगाए गए कफ्र्यू की अवधि रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक थी।
रूस को स्विफ्ट नेटवर्क से बाहर करने को ब्रिटेन ने चलाया अभियान
प्रेट्र के अनुसार रूस को दुनिया भर में स्विफ्ट बैंकिंग नेटवर्क से बाहर करने के लिए ब्रिटेन यूरोप का नेतृत्व कर रहा है। सोसायटी फार व‌र्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशन (स्विफ्ट) दुनिया की प्रमुख बैंकिंग संदेश सेवा है जो भारत सहित 200 से अधिक देशों में लगभग 11,000 बैंकों और संस्थानों को जोड़ती है।
Next Story