विश्व

Jail, में कैदियों के दो गुटों में भीषण झड़प, 100 घायल

Ratna Netam
6 July 2026 8:59 PM IST
Jail,  में कैदियों के दो गुटों में भीषण झड़प, 100 घायल
x

Sri Lanka श्रीलंका : श्रीलंका की नेगोम्बो केंद्रीय जेल में रविवार रात शुरू हुई कैदियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प सोमवार को और भयावह रूप ले चुकी है। इस घटना में अब तक 25 कैदियों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 100 कैदी घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें कोलंबो और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोलंबो से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित इस तटीय जेल में पहले मामूली विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते पत्थरबाजी, लाठियों और अन्य हथियारों के इस्तेमाल तक पहुंच गया। झड़प का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन जेल परिसर में तनाव लगातार बना हुआ है।रिपोर्टों के अनुसार, जेल के भीतर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने कई ब्लॉकों और हिस्सों को खाली कराने की कार्रवाई तेज कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान और संख्या की पुष्टि की जा रही है।

श्रीलंकाई सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर वारुणा गामेज ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सेना की सहायता दी गई है। सैनिकों को स्टैंडबाय पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर तत्काल तैनाती की जाएगी।जेल के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल और राइफलधारी जवानों की तैनाती की गई है, ताकि स्थिति बाहर न फैले। मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए वीडियो में कई घायल कैदी पुलिस बस में नजर आए, जिनमें कुछ के कपड़ों पर खून के निशान दिखाई दिए।

बताया जा रहा है कि नेगोम्बो जेल श्रीलंका की प्रमुख जेलों में से एक है, जहां गंभीर अपराधों के दोषी कैदियों के साथ-साथ हिरासत में रखे गए कैदी भी रखे जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में यहां भीड़भाड़ और क्षमता से अधिक कैदियों की वजह से तनाव की स्थिति कई बार बन चुकी है।घटना के बाद श्रीलंका सरकार हरकत में आ गई है। गृह मंत्रालय ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में जेल प्रशासन की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था की खामियों और झड़प के कारणों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Next Story