विश्व

एलन मस्क की टेस्ला का तीसरी तिमाही में मुनाफा 44 प्रतिशत गिरा, राजस्व रहा स्थिर

jantaserishta.com
22 Oct 2026 10:48 AM IST
एलन मस्क की टेस्ला का तीसरी तिमाही में मुनाफा 44 प्रतिशत गिरा, राजस्व रहा स्थिर
x
नई दिल्ली: टेक्सास स्थित ऑटोमोटिव कंपनी टेस्ला ने तीसरी तिमाही (क्यू3) के नतीजों में मुनाफे में भारी गिरावट दर्ज की है। इस दौरान, कंपनी का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) सालाना आधार पर 44 प्रतिशत घटकर 78.7 करोड़ डॉलर (787 मिलियन डॉलर) रह गया, जबकि कंपनी का राजस्व लगभग स्थिर रहते हुए 28 अरब डॉलर दर्ज किया गया।
हालांकि मुनाफे में गिरावट के बावजूद कंपनी का फ्री कैश फ्लो बढ़कर 1.5 अरब डॉलर हो गया, जो उसके नकदी प्रवाह की स्थिति में सुधार को दर्शाता है। कंपनी ने नई प्रौद्योगिकियों, उत्पाद विकास और विनिर्माण क्षमता विस्तार पर निवेश जारी रखा। तिमाही के दौरान उसका पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) लगभग दोगुना होकर 4.7 अरब डॉलर पहुंच गया।
इस बीच, हाल ही में स्पेसएक्स की अर्निंग्स कॉल के दौरान एलन मस्क ने कहा था कि टेस्ला और स्पेसएक्स के संभावित विलय पर विचार करने के लिए दोनों कंपनियों में विशेष समितियां गठित की गई हैं। मस्क ने इस तरह के सौदे को रणनीतिक रूप से आकर्षक बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इसके सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
हालांकि टेस्ला की अर्निंग्स कॉल के दौरान उन्होंने इस प्रस्ताव पर अधिक विस्तार से चर्चा नहीं की, जिससे निवेशकों को बातचीत की वास्तविक स्थिति के बारे में सीमित जानकारी ही मिल सकी। यह नतीजे ऐसे समय आए हैं जब कुछ सप्ताह पहले टेस्ला ने टेक्सास स्थित स्पेसएक्स सुविधा में अपनी लंबे समय से प्रतीक्षित नई रोडस्टर स्पोर्ट्स कार का उन्नत संस्करण पेश किया था।
प्रदर्शन के दौरान एक प्रोटोटाइप वाहन ऊंचे घुमावदार ट्रैक पर दौड़ा और कुछ क्षणों के लिए जमीन से ऊपर उठकर सुरक्षित रूप से वापस उतरा। इस प्रदर्शन की तुलना उड़ने वाली कारों की अवधारणा से की गई।
दूसरी ओर, स्पेसएक्स ने हाल ही में मजबूत तिमाही प्रदर्शन दर्ज करते हुए 161 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 14.58 अरब डॉलर का राजस्व हासिल किया था। स्पेसएक्स की अर्निंग्स कॉल में मस्क ने दोहराया कि टेस्ला और स्पेसएक्स का संभावित विलय रणनीतिक दृष्टि से उचित हो सकता है और दोनों कंपनियों की समीक्षा समितियां इस संभावना का आकलन कर रही हैं।
मस्क ने स्पेसएक्स के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को लेकर भी आशावादी रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग के कारण कंपनी का वार्षिक आवर्ती राजस्व भविष्य में 500 अरब डॉलर से 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "यह सुनने में भले ही अविश्वसनीय लगे, लेकिन 2028 तक स्पेसएक्स का 1 ट्रिलियन डॉलर राजस्व हासिल करना अब असंभव नहीं लगता।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story