विश्व

नेपाल में हो रा चुनाव, नई सरकार के लिए हो रहा मतदान

Rounak Dey
20 Nov 2022 6:01 AM GMT
नेपाल में हो रा चुनाव, नई सरकार के लिए हो रहा मतदान
x
सभी राजनीतिक दल और उम्मीदवार आचार संहिता का पालन कर रहे हैं।
काठमांडू: नेपाल में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। रविवार की सुबह से ही मतदान शुरू हुआ। यहां लोग अपने सांसदों और सात राज्यों की विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कर रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। नेपाल के चुनाव आयोग के मुताबिक 17,988,570 मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं। चुनाव के लिए कुल 10,892 पोलिंग स्टेशन और 22,227 पोलिंग सेंटर बनाए गए हैं। सिविल सेवक, सुरक्षा कर्मियों, कैदियों और वृद्धाश्रमों में रहने वालों को वोट देने के लिए 141 अस्थायी बूथ बनाए गए हैं।
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक लगभग 3 लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इसमें नेपाल सेना, नेपाल पुलिस, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेशनल इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट के कर्मी शामिल हैं। नेपाल के गृह मंत्रालय का कहना है कि इसके साथ 1 लाख 15 हजार अस्थाई पुलिस भर्तियों से भी उन्हें मदद दी जा रही है। यह चुनाव विधायिका का कार्यकाल पूरा होने के बाद हो रहा है। हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने सदन को दो बार भंग करने का प्रयास किया था।
कितनी सीटों पर होंगे चुनाव
नेपाल में लोकसभा की 275 सीटें हैं। सात प्रातीय विधानसभाओं में 550 सीटों पर चुनाव होना है। चुनाव आयोग के मुताबिक लोकसभा और विधानसभा दोनों के लिए 11,543 उम्मीदवार मैदान में हैं। आयोग के मुताबिक कुल 2,412 उम्मीदवार FPTP सिस्टम से चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 2,187 पुरुष और 225 महिलाएं हैं। 3,224 उम्मीदवार लोकसभा के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा के 165 सीटों पर प्रत्यक्ष मतदान होगा, जबकि शेष 110 को अनुपातिक चुनाव प्रणाली के माध्यम से चुना जाएगा।
त्रिशंकु विधानसभा का अनुमान
मतदान खत्म होने के साथ ही तुरंत वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। लेकिन परिणाम आने में वक्त लगेगा। नेपाल चुनाव को लेकर विश्लेषकों का मानना है कि एक त्रिशंकु सरकार बन सकती है, जो नेपाल को एक राजनीतिक स्थिरता नहीं दे सकेगी। नेपाल के मुख्य चुनाव आयुक्त दिनेश कुमार थपलिया ने मतदान की पूर्व संध्या पर कहा कि सभी राजनीतिक दल और उम्मीदवार आचार संहिता का पालन कर रहे हैं।
Next Story