विश्व

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुलाई आपात बैठक, राष्ट्रपति जो बाइडन ने कही यह बात

Subhi
22 Feb 2022 12:47 AM GMT
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुलाई आपात बैठक, राष्ट्रपति जो बाइडन ने कही यह बात
x
यूक्रेन को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से किए गए एलान के बाद तनावपूर्ण हालात को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई है।

यूक्रेन को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से किए गए एलान के बाद तनावपूर्ण हालात को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई है।रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि पूर्वी यूक्रेन के विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों को वह स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता देने पर विचार कर रहे हैं। यह विचार दोनों इलाकों के मान्य नेताओं के अनुरोध पर कर रहे हैं। पुतिन ने यह बात राष्ट्रीय टेलीविजन पर कही है। वहीं यूक्रेन ने सदस्य देशों से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है।

राष्ट्रपति पुतिन ने सोमवार को रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के साथ बैठक कर यूक्रेन के विद्रोहियों के कब्जे वाले दो इलाकों को अलग देश की मान्यता देने पर विचार किया। रूस की योजना इन इलाकों को अलग देश की मान्यता देते हुए उनके साथ सुरक्षा समझौता करने की है। पूर्वी यूरोप के डोनेस्क और लुहांस्क इलाकों पर रूस समर्थित विद्रोहियों का पिछले आठ वर्ष से कब्जा है।

रूसी भाषी लोगों की बहुलता वाले इन दोनों इलाकों में यूक्रेन सरकार का नियंत्रण नहीं है। इन्हीं दोनों इलाकों में काबिज विद्रोहियों का इन दिनों यूक्रेन की सेना से संघर्ष चल रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध छिड़ने की स्थिति में ये विद्रोही रूसी सेना के साथ लड़ सकते हैं।

इस बीच रूस ने कहा है कि यूक्रेन के सैन्य वाहन रूसी इलाके में दाखिल होने की कोशिश कर रहे हैं। कई स्थानों पर उन्हें रोका गया है। यूक्रेन ने रूस के इस आरोप का खंडन किया है और इसे झूठी खबर करार दिया है। रूस की ओर से आए इस बयान के बाद यूक्रेन और पश्चिमी देश सतर्क हो गए हैं। अमेरिका और पश्चिमी देश हाल के दिनों में आशंका जताते रहे हैं कि रूस खुद पर फर्जी हमला कराकर यूक्रेन पर जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है।


Next Story