
Saudi: सऊदी के अधिकारियों ने देश में शव्वाल 1446 महीने का चांद दिखाई देने का ऐलान कर दिया है, जिसका मतलब है कि अरब देश में रविवार, 30 मार्च यानी आज ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा. जबकि भारत में संभवत: सऊदी अरब के एक दिन बाद यानी सोमवार, 31 मार्च को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा.
ईद-उल-फितर का दिन इस्लामी कैलेंडर के अनुसार, शव्वाल महीने की पहली तारीख को होता है. जब इस्लामिक कैलेंडर के रमजान महीने की 29वीं या 30वीं रात को चांद दिखता है, तभी ईद मनाने की पुष्टि होती है।
चांद दिखने के बाद ही त्योहार की तैयारियां जोरों पर शुरू हो जाती हैं. ईद से पहले 'फितरा' देना जरूरी होता है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोग भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें. मुसलमान अपने सामर्थ्य के अनुसार फितरा दे सकते हैं.
ईद की सुबह जल्दी उठकर नहाएं और नए या साफ-सुथरे कपड़े पहनें. फिर नमाज करने मस्जिद जाएं. नमाज से पहले खजूर या सेवइयां जैसे कुछ मीठा खाना सुन्नत होता है. मस्जिद या ईदगाह में जाकर पहले वुजु करें और फिर ईद के खास मौके पर नमाज पढ़ें. यह नमाज़ आमतौर पर सुबह की होती है और इसे बड़ी संख्या में लोग एकसाथ पढ़ते हैं. नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को गले मिलकर 'ईद मुबारक' कहते हैं.





