विश्व

डीआरसी के ग्रामीण इलाकों तक फैला इबोला, हिंसा की वजह से राहत कार्यों में बाधा

jantaserishta.com
16 Nov 2026 9:05 AM IST
डीआरसी के ग्रामीण इलाकों तक फैला इबोला, हिंसा की वजह से राहत कार्यों में बाधा
x
नई दिल्ली: डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) में इबोला संक्रमण का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। छह महीनों में मृतकों की संख्या 5,500 के पार पहुंच गई है। गुजरते वक्त के साथ हर हफ्ते सैकड़ों नए मामले सामने आ रहे हैं, क्योंकि यह वायरस दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों तक पहुंच गया है और बढ़ती हिंसा इसे रोकने के प्रयासों में बाधा डाल रही है।
देश के स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट जारी की। नवीनतम स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, 12 नवंबर तक देश में 5,505 लोगों की मौत हुई वहीं 11,254 लोगों के इससे पीड़ित होने की पुष्टि हुई।
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद रविवार को जारी एक संयुक्त बयान में, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और मानवीय कार्यों से जुड़े साझेदारों ने चेतावनी दी कि कई प्रमुख केंद्रों में संचरण को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण प्रगति के बावजूद हर हफ्ते 400 से 500 नए मामले सामने आते रहते हैं।
पीड़ितों में बच्चों की संख्या ज्यादा है। एजेंसियों ने कहा कि पांच साल से कम उम्र के 10 संक्रमित बच्चों में से सात की मौत हो गई है। शुक्रवार को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की ब्रीफिंग में, डब्ल्यूएचओ हेल्थ इमर्जेंसी प्रोग्राम के कार्यकारी निदेशक चिकवे इहेकवेजू ने कहा कि कई शुरुआती हॉटस्पॉट में ट्रांसमिशन में तेजी से गिरावट आई है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, फिर भी, अन्य, ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में मामले सामने आ रहे हैं।
डब्ल्यूएचओ उपचार को दुर्गम समुदायों के करीब लाने के लिए काम कर रहा है, जहां असुरक्षा और सीमित संसाधन प्रमुख बाधाएं बनी हुई हैं। रविवार के बयान के अनुसार, बुटेम्बो और मोंगबवालु सहित कई पूर्व हॉटस्पॉट में ट्रांसमिशन को नियंत्रण में लाया गया है। प्रकोप के मुख्य केंद्रों में से एक, बुनिया में संक्रमण दर करीब आधा हो गया है हालांकि ट्रांसमिशन जारी है।
परीक्षण क्षमता दो प्रयोगशालाओं से बढ़कर दो दर्जन से अधिक हो गई है, जबकि 104 उपचार और पारगमन केंद्रों में लगभग 2,000 उपचार बिस्तर उपलब्ध हैं। करीब 3,000 मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग अभी भी लक्ष्य से नीचे है। लेकिन केन्या और नाइजीरिया में हाल ही में ट्रेस हुए मामलों ने वायरस के सीमा पार फैलने के जोखिम को उजागर किया है।
इसे नियंत्रण करने में सबसे बड़ा खतरा हिंसक गतिविधियां बन गई हैं। खासकर इतुरी और उत्तरी किवु के संघर्षग्रस्त पूर्वी प्रांतों में समस्या काफी बढ़ी है। संयुक्त बयान के अनुसार, हाल ही में उत्तरी किवु के कैंटीन-अलोया क्षेत्र में एक सशस्त्र हमले में तीन स्वास्थ्य कर्मियों सहित 66 नागरिकों की मौत हो गई और तीन स्वास्थ्य केंद्रों में लूटपाट की गई।
इस हमले के बाद इबोला सर्विलांस को धक्का पहुंचा। 1,000 से अधिक लोगों का फॉलोअप नहीं हो पाया और तीन कंफर्म रोगी भी ट्रेस नहीं किए जा सके। 11 नवंबर को क्षेत्र में एक और हमले की सूचना मिली थी।
प्रकोप शुरू होने के बाद से हेल्थकेयर सेंटर्स पर 80 से अधिक हमले दर्ज किए गए हैं। संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ इबोला समन्वयक जूलियन हार्नीस ने शुक्रवार की ब्रीफिंग में चेतावनी दी कि पूर्वी डीआरसी में सक्रिय एक सशस्त्र समूह, एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज की हिंसा, अब इबोला की तुलना में इतुरी और किवु प्रांतों के कुछ हिस्सों में अधिक लोगों की जान ले रही है।
हरनीस ने यह भी चेतावनी दी कि टीके उपलब्ध होने तक निरंतर ट्रांसमिशन जारी रह सकता है, जिससे मजबूत निगरानी और समुदाय-आधारित प्रतिक्रिया प्रयास आवश्यक हो जाते हैं। यह प्रकोप गहराते मानवीय संकट के खिलाफ सामने आ रहा है, जिसमें संघर्ष, विस्थापन और भूख स्वास्थ्य आपातकाल को बढ़ा रहे हैं।
विश्व खाद्य कार्यक्रम ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि डीआरसी में लगभग 29 मिलियन लोगों को गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना करना पड़ा, यह आंकड़ा 2027 की शुरुआत में 30.3 मिलियन तक पहुंचने का अनुमान है।
हरनीस ने कहा कि कांगो सरकार ने हाल ही में एक नई 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर की इबोला रिस्पॉन्स प्लान का अनावरण किया है। डब्ल्यूएचओ और उसके साझेदारों ने 2027 तक निरंतर वित्त पोषण, सुरक्षित मानवीय पहुंच और फ्रंटलाइन श्रमिकों के लिए अधिक सुरक्षा का आह्वान किया है।
दुनिया के इतिहास में यह इबोला का दूसरा सबसे बड़ा प्रकोप बन गया है, जिसने 2014-2016 के पश्चिम अफ्रीकी प्रकोप का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
TagsDRC
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story