विश्व

जापान में भूकंप का कहर, 18 लोगों की मौत; लापता लोगों की तलाश तेज

Saba Naaz
29 July 2026 5:59 PM IST
जापान में भूकंप का कहर, 18 लोगों की मौत; लापता लोगों की तलाश तेज
x

जापान: शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। दक्षिणी जापान के क्यूशू द्वीप के कुमामोटो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के भूकंप के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। भूकंप के बाद सेना, आपातकालीन कर्मी और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में कुमामोटो क्षेत्र शामिल है, जहां कई इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सैनिक और बचाव दल ढहे हुए घरों, क्षतिग्रस्त इमारतों और शॉपिंग मॉल में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस आपदा में 62 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सबसे बड़ा नुकसान काशिमा शहर स्थित एयान शॉपिंग मॉल में हुआ, जहां भूकंप के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। भूकंप के झटकों के बाद मॉल के एक हिस्से में गैस रिसाव के कारण जोरदार विस्फोट हो गया। हालांकि, विस्फोट से पहले ही सुरक्षा कर्मियों ने मॉल के उस हिस्से से करीब 3,000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

मॉल के दूसरे हिस्से में कुछ कर्मचारी काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद मॉल की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। राहत टीमों ने तुरंत अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि मॉल परिसर में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बचावकर्मी लगातार मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।

भूकंप के बाद कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, करीब 34,900 घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। वहीं, लगभग 15,000 घरों में पीने के पानी की समस्या सामने आई है। बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। प्रशासन ने बताया कि 8,800 से अधिक लोग 400 से ज्यादा राहत शिविरों में रह रहे हैं।

कुमामोटो क्षेत्र में कई जगहों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और इमारतों में दरारें आ गई हैं। बचाव दलों को कई इलाकों तक पहुंचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं।

यात्सुशिनो इलाके में भी भूकंप का भारी असर देखने को मिला। यहां निप्पान पेपर इंडस्ट्रीज के कारखाने की चिमनी गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों को आशंका है कि कुछ और लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। भूकंप के बाद कई स्थानों पर आफ्टरशॉक यानी हल्के झटके महसूस किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बचाव एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी सुविधाएं पहुंचाने का काम कर रही हैं।

जापान भूकंप प्रभावित देशों में से एक है और यहां आपदा प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था मौजूद है। इसके बावजूद इस बार आए शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। सरकार ने राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल बचाव दलों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करना है।

Next Story