
ओस्लो : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला दावा सामने आया है। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर ने कहा है कि मोल्दोवा से उड़ान भरते समय जेलेंस्की को लेकर जा रहा विमान एक ड्रोन की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। घटना मंगलवार की बताई जा रही है, जब जेलेंस्की मोल्दोवा से नॉर्वे की राजधानी ओस्लो के लिए रवाना हो रहे थे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ड्रोन वास्तव में जेलेंस्की के विमान को निशाना बना रहा था या वह उसी समय इलाके में मौजूद था। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर ने बुधवार को सार्वजनिक प्रसारक NRK से बातचीत में इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की का विमान जब मोल्दोवा से उड़ान भरने वाला था तब वह लगभग एक ड्रोन की चपेट में आ गया था। स्टोर ने हालांकि यह नहीं बताया कि उन्हें यह जानकारी किस स्रोत से मिली और ड्रोन राष्ट्रपति के विमान के कितने करीब पहुंचा था। इस कारण घटना के कुछ पहलुओं को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।





