डोनाल्ड ट्रंप का नया आदेश, अमेरिका में 12 देशों के यात्रियों के प्रवेश पर रोक

अमेरिका। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नई घोषणा (प्रोक्लेमेशन) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत उन्होंने 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. इसके साथ ही 7 अन्य देशों से आने वाले लोगों पर आंशिक पाबंदियां लगाई गई हैं. ट्रंप ने ये कदम अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए उठाया है. ये जानकारी CBS न्यूज ने प्रशासनिक अधिकारियों के हवाले से दी.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक जिन 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका आने पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है, उनमें अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं. इन देशों के नागरिक अब अमेरिका में प्रवेश नहीं कर पाएंगे. यह प्रतिबंध सोमवार सुबह 12:01 बजे से लागू होगा. इसके अलावा ट्रंप ने 7 अन्य देशों से आने वाले लोगों पर भी पाबंदी लगाई है. इनमें बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला शामिल हैं. इन देशों से आने वाले लोगों पर अब विशेष शर्तें और कड़ी जांच लागू होगी. हालांकि ये पहली बार नहीं है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने इस तरह की नीति अपनाई है. अपने पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान उन्होंने 7 मुस्लिम-बहुल देशों से यात्रा पर प्रतिबंध लगाया था, जिसे बाद में सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में मंजूरी दी थी.
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि मुझे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और अपने नागरिकों के हित की रक्षा के लिए यह कदम उठाना पड़ा है. उन्होंने कहा कि हम फिर से ट्रैवल बैन लागू करेंगे, जिसे कुछ लोग 'ट्रंप ट्रैवल बैन' कहते हैं, ताकि कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवादियों को देश में आने से रोका जा सके. एक ऐसा कदम जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया था.





