चीन और EU ने व्यापार सहयोग मजबूत करने पर की चर्चा, अमेरिकी टैरिफ के जवाब में हुई बातचीत

Beijing बीजिंग: बीजिंग में चीन और यूरोपीय संघ ने हाल ही में वीडियो कॉल के जरिए आर्थिक और व्यापार सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। मंगलवार को हुई इस बातचीत में चीन के वाणिज्य मंत्री वांग वेंटाओ और यूरोपीय संघ के व्यापार व आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस शेफकोविक ने व्यापार राहत वार्ताओं को फिर से शुरू करने और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों पर प्रतिबद्धताओं को लेकर बातचीत करने पर सहमति जताई।
यह संवाद ऐसे समय में हुआ जब अमेरिका ने चीन पर अतिरिक्त टैरिफ लगाना शुरू किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को इन भारी शुल्कों को अस्थायी रूप से कम करने की घोषणा की, लेकिन चीन पर दबाव बढ़ाते हुए टैरिफ को 125% तक ले जाने की चेतावनी दी।
चीन ने यूरोपीय संघ के साथ व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को गहरा करने की इच्छा जताई है। वांग ने कहा कि दोनों पक्षों को नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली की रक्षा करनी चाहिए और व्यापार को मुक्त और सुगम बनाना चाहिए, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार में स्थिरता और भरोसा बढ़ेगा।





