विश्व

त्बिलिसी में गैस विस्फोट से तबाही, मलबे में दबकर 6 लोगों की मौत

nidhi
20 Nov 2026 9:40 AM IST
त्बिलिसी में गैस विस्फोट से तबाही, मलबे में दबकर 6 लोगों की मौत
x
गैस हीटर बना मौत की वजह?
त्बिलिसी: पांच मंजिला आवासीय इमारत का एक हिस्सा ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इमारत की छत, सीढ़ियां और कई मंजिलों के बीच बने हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया। राहतकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद तीन साल की एक बच्ची को मलबे से जिंदा बाहर निकाल लिया। हालांकि, उसकी मां के भी मृतकों में शामिल होने की आशंका जताई गई है। शुरुआती जांच में गैस हीटर से रिसाव के कारण विस्फोट होने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह को लेकर जांच जारी है।
सुबह 9 बजे हुआ जोरदार विस्फोट
यह हादसा त्बिलिसी के बाहरी इलाके क्वेमो पोनिचाला में गुरुवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। पांच मंजिला आवासीय इमारत की ऊपरी मंजिल पर अचानक तेज धमाका हुआ। देखते ही देखते इमारत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। विस्फोट से कई मंजिलों की छतों और सीढ़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। मलबे के नीचे कई लोग दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन सेवाओं और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचावकर्मियों को मलबा हटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इमारत के क्षतिग्रस्त हिस्सों के दोबारा गिरने का खतरा भी बना हुआ था। इसके बावजूद बचाव दल ने विशेष उपकरणों की मदद से तलाशी अभियान जारी रखा। जॉर्जिया के आंतरिक मंत्री सुलखान तमाजशविली ने पुष्टि की कि मलबे से छह लोगों के शव बरामद किए गए हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, मृतकों में तीन महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं।
मलबे से जिंदा निकली तीन साल की बच्ची
हादसे के बाद बचाव अभियान के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। राहतकर्मियों ने मलबे के नीचे फंसी तीन साल की बच्ची को कई घंटों के प्रयास के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। बच्ची के जिंदा मिलने पर घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बचावकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की। बच्ची की हालत स्थिर है। प्राथमिक जांच और स्कैन में किसी गंभीर चोट का पता नहीं चला है। आपातकालीन प्रबंधन सेवा के प्रमुख तैमुराज मगेरबिशविली ने बताया कि मलबे में मृत मिली महिलाओं में से एक के बच्ची की मां होने की आशंका है। हादसे में घायल 11 वर्षीय लड़के को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया, हालांकि चिकित्सकों ने उसकी हालत अपेक्षाकृत स्थिर बताई है।
गैस हीटर चालू करते समय हुआ विस्फोट?
जॉर्जिया के आंतरिक मंत्री सुलखान तमाजशविली के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक अपार्टमेंट में गैस हीटर चालू करने के दौरान धमाका हुआ हो सकता है। गैस आपूर्ति करने वाली कंपनी त्बिलिसी एनर्जी ने इस संबंध में अलग जानकारी दी है। कंपनी का कहना है कि जिस अपार्टमेंट को विस्फोट का संभावित केंद्र माना जा रहा है, वह आधिकारिक रिकॉर्ड में खाली दर्ज था। उस अपार्टमेंट में पिछले एक वर्ष से गैस की खपत दर्ज नहीं हुई थी। विस्फोट के बाद इमारत की स्थिति खतरनाक होने के कारण कंपनी के कर्मचारी संबंधित अपार्टमेंट का निरीक्षण भी नहीं कर सके थे। इन परिस्थितियों में गैस रिसाव और विस्फोट की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच आवश्यक मानी जा रही है। अधिकारियों ने अभी किसी अंतिम कारण की पुष्टि नहीं की है।
28 परिवारों को होटलों में पहुंचाया गया
विस्फोट के बाद इमारत की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तत्काल कदम उठाए। विशेषज्ञों की टीम ने क्षतिग्रस्त इमारत का निरीक्षण किया। जांच में इमारत के दो हिस्सों को रहने के लिए असुरक्षित पाया गया। त्बिलिसी के मेयर काखा कलाद्जे ने बताया कि प्रभावित 28 परिवारों को अस्थायी रूप से होटलों में स्थानांतरित किया गया है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, इन परिवारों में करीब 143 लोग शामिल हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित ठहराने और इमारत के शेष हिस्सों में संभावित खतरे का आकलन करने की है। विस्फोट के कारण कई परिवारों को अचानक अपना घर छोड़ना पड़ा। हादसे में हुए नुकसान और इमारत की मरम्मत अथवा भविष्य में उसके उपयोग को लेकर आगे तकनीकी मूल्यांकन किया जाएगा।
सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच शुरू
जॉर्जिया के अधिकारियों ने इस भीषण दुर्घटना को लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है। अभियोजक लेवान वेपखवाद्जे ने बताया कि सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि विस्फोट से पहले गैस आपूर्ति और हीटर की स्थिति क्या थी। साथ ही संबंधित अपार्टमेंट और उसमें उपयोग किए जा रहे उपकरणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, जिस अपार्टमेंट में विस्फोट होने की आशंका है, उसके 31 वर्षीय मालिक को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति नाजुक बताई गई है।
Next Story