विश्व

US में आया विनाशकारी बवंडर, केंटुकी राज्य में अब तक 80 से ज्यादा लोगों की मौत

Neha Dani
12 Dec 2021 4:31 AM GMT
US में आया विनाशकारी बवंडर, केंटुकी राज्य में अब तक 80 से ज्यादा लोगों की मौत
x
सीएनएन ने बवंडर के बाद का एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें तबाही के मंजर को साफतौर पर देखा जा सकता है।

अमेरिका के दक्षिणी और मध्य-पश्चिमी क्षेत्र में शुक्रवार की रात कम से कम 18 बवंडरों ने तबाही मचाई। अमेरिका में केंटुकी राज्य के गवर्नर ने कहा कि चक्रवातों और खराब मौसम के कारण कम से कम पांच राज्यों में व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है। इससे राज्य में कम से कम 70 लोगों की मौत होने की आशंका है और मृतकों की संख्या बढ़ रही है। गवर्नर एंडी बेशिर ने शनिवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि केंटुकी में 200 मील से अधिक के क्षेत्र में चक्रवात आया।




उन्होंने कहा कि 10 या उससे अधिक काउंटी में मृतकों की संख्या 100 के पार जा सकती है। गवर्नर ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह हमारे राज्य के इतिहास में सबसे विनाशकारी बवंडर है।' बेशिर ने कहा कि मेफील्ड में मोमबत्ती बनाने की एक फैक्टरी, इलिनोइस में एक अमेजन कार्यालय और अरकंसास में एक नर्सिंग होम भी चक्रवात की चपेट में आ गए। चक्रवात के समय मेफील्ड फैक्टरी में करीब 110 लोग मौजूद थे।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। उनके राज्य की मुहलेनबर्ग काउंटी में कम से कम 10 लोगों के मरने की आशंका है तथा बाउलिंग ग्रीन शहर में और उसके आसपास भी अज्ञात संख्या में लोगों की मौत होने की आशंका है। मेफील्ड के मुख्य दमकल केंद्र और आपात सेवा केंद्र के चक्रवात की चपेट में आने के कारण बचाव प्रयास जटिल हो गए हैं। शहर में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। सीएनएन ने बवंडर के बाद का एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें तबाही के मंजर को साफतौर पर देखा जा सकता है।



Next Story