विश्व

डेनमार्क: कोपेनहेगन के शॉपिंग मॉल में अंधाधुंध गोलीबारी, कम से कम तीन की मौत

Neha Dani
4 July 2022 6:18 AM GMT
डेनमार्क: कोपेनहेगन के शॉपिंग मॉल में अंधाधुंध गोलीबारी, कम से कम तीन की मौत
x
हैरी स्टाइल के शो के सभी टिकट बिक चुके थे। घटना के बाद की एक फोटो में दिख रहा है कि एक शख्स घायल है और उसे एंबुलेंस में ले जाया जा रहा है।

कोपेनहेगन: डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन का एक मॉल रविवार को गोलियों से थर्रा उठा। एक बंदूकधारी ने भीड़ से भरे मॉल में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। AP की रिपोर्ट के अनुसार, तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और इतने ही घायल बताए जा रहे हैं। कोपेनहेगन के पुलिस इंस्‍पेक्‍टर सोरेन थॉमसन ने बताया कि गोलीबारी के बाद 22 वर्षीय डैनिश शख्‍स को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 'आतंकी घटना' होने से इनकार नहीं किया है मगर वह इसे 'लोन वुल्‍फ' अटैक मानकर चल रही है। डेनमार्क दुनिया के सबसे सुरक्षित और कम क्राइम रेट वाले देशों में गिना जाता है।

थॉमसन ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में कहा, 'हमले में कई लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं।' थॉमसन ने कहा कि घटना के पीछे आतंकी साजिश की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, 'फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि क्या इस घटना में कुछ और लोग शामिल हैं। हम जांच कर रहे हैं।' थॉमसन ने घटना में हताहत हुए लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। यह मॉल कोपेनहेगन के बाहरी इलाके में सबवे लाइन के पास स्थित है जो सिटी सेंटर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ती है।
मॉल के पास एक राजमार्ग भी है। घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आई हैं उसमें लोग मॉल से भागते हुए नजर आए। डेनमार्क के टीवी2 प्रसारक ने एक फोटो पोस्ट किया है जिसमें एक व्यक्ति को स्ट्रेचर पर ले जाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोग शोर मचाते हुए बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे और दुकानों के भीतर भी कुछ लोग छिप गए।
हैरी स्टाइल का था कॉन्सर्ट
ब्रिटिश पॉप स्टार हैरी स्टाइल मॉल के करीब ही शाम 8 बजे (भारतीय समय 11:30 बजे) रॉयल अरीना में परफॉर्म करने वाले थे। रॉयल अरीना घटनास्थल से करीब ही है। उनके परफॉर्मेंस से ठीक पहले ये गोलीबारी हुई है। कॉन्सर्ट के प्रमोटर लाइव नेशन ने अभी इसे लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। हैरी स्टाइल के शो के सभी टिकट बिक चुके थे। घटना के बाद की एक फोटो में दिख रहा है कि एक शख्स घायल है और उसे एंबुलेंस में ले जाया जा रहा है।




Next Story