रक्षा मंत्री की मौत, मिलिट्री बेस में थे आतंकियों ने किया हमला

माली। माली में एक बड़ा और खतरनाक हमला हुआ. अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन और तुआरेग विद्रोहियों ने मिलकर देश के कई हिस्सों पर एक साथ हमला किया. इस हमले में देश के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की जान चली गई. यह हमला इतना बड़ा था कि पूरी दुनिया की नजरें माली पर टिक गई हैं.
इन दोनों ने मिलकर एक साथ कई जगहों पर हमला किया. यह हमला कई सालों में सबसे बड़ा और सबसे संगठित हमला बताया जा रहा है. राजधानी बामाको के पास, सोने की खदानों वाले इलाकों में और देश के अलग-अलग हिस्सों में सब जगह एक साथ हमले हुए. फ्रांस के रेडियो चैनल RFI ने रिपोर्ट किया कि JNIM के आतंकियों ने बामाको के बाहर स्थित काटी मिलिट्री बेस पर हमला किया. यह वही जगह है जहां माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा रहते थे. उनके घर पर हमला हुआ और इस हमले में उनकी मौत हो गई. हमला सिर्फ शनिवार तक नहीं रुका. रविवार को भी राजधानी के पास एक सैनिक छावनी में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं. रॉयटर्स के एक पत्रकार ने खुद यह रिपोर्ट किया.
माली में किडाल एक बहुत अहम शहर है. यह उत्तर में है और लंबे समय से सरकार और विद्रोहियों के बीच लड़ाई का केंद्र रहा है. विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने किडाल शहर को सरकारी फौज से वापस छीन लिया है. हालांकि, इस दावे की अभी पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है.





