
x
ईरान की राजधानी तेहरान के एविन जेल में आग लगने के बाद मरने वाले कैदियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इसकी जानकारी ईरान की न्यायपालिका ने दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की न्यायपालिका ने मृतकों की संख्या के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात हुई घटना में घायल हुए कुछ कैदियों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मरने वाले सभी कैदियों को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि यह घटना कैदियों के बीच हुई लड़ाई के बाद हुई। हालांकि न्यायपालिका ने इस संबंध में कोई सबूत पेश नहीं किए।
ईरान की स्थानीय मीडिया के मुताबिक, छह कैदी अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। बता दें कि तेहरान स्थित एविन जेल में शनिवार शाम आग लग गई थी। आग की लपटें और धुए का गुब्बार दूर से ही दिख रहा था। काफी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना की वीडियो में गोली चलने और धमाके की आवाज सुनी जा सकती है।
ईरान में 22 वर्षीय युवती महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद एक महीने से अधिक समय से देशभर में हिजाब के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। अमीनी को ठीक से हिजाब नहीं पहनने के चलते हिरासत में लिया गया था। हिरासत में लेने के तीन दिन बाद महसा अमीनी की मौत हो गई थी।
वहीं ईरानी सरकार ने लगातार दावा कर रही है कि अमीनी के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया, जबकि अमीनी के परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर चोट और पिटाई के निशान थे।
Next Story