विश्व

फिलीपींस में चक्रवाती तूफान से मरने वालों की संख्या 30, सात लापता

jantaserishta.com
26 July 2025 2:24 PM IST
फिलीपींस में चक्रवाती तूफान से मरने वालों की संख्या 30, सात लापता
x
मनीला: फिलीपींस में तीन उष्णकटिबंधीय चक्रवाती तूफान के चलते अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में 30 लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी फिलीपींस की एक सरकारी एजेंसी ने शनिवार को दी है। नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट काउंसिल (एनडीआरआरएमसी) की रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल सात लोग लापता हैं। आशंका है कि यह लोग या तो अचानक आई बाढ़ में बह गए या फिर भूस्खलन का शिकार हो गए। भीषण बाढ़ और भूस्खलन के कारण 10 लोग घायल भी हुए हैं।
'एनडीआरआरएमसी' के अनुसार देशभर में 14.6 लाख से ज्यादा परिवारों के करीब 53 लाख लोगों पर इसका विपरीत असर पड़ा है। सिविल डिफेंस ऑफिस के अनुसार 88 शहरों और नगर पालिकाओं ने रेस्क्यू मिशन में तेजी लाने और जरूरी संसाधनों तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए आपदा की स्थिति घोषित कर दी है।
तूफान विफा, फ्रांसिस्को और को-मे भले ही फिलीपींस से आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन मौसम एजेंसी ने चेतावनी दी है कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून के कारण आने वाले दिनों में लुजोन द्वीप के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है।
'सिन्हुआ' समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस में हर साल औसतन 20 तूफान दस्तक देते हैं। 24 जुलाई को मूसलधार बारिश ने देश में भयंकर बाढ़ और भूस्खलन का खतरा और बढ़ा दिया। फिलीपींस को कुछ ही दिनों में तीन उष्णकटिबंधीय तूफानों ने प्रभावित किया है, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं। इस आपदा में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 27 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो गए।
'एनडीआरआरएमसी' की रिपोर्ट के अनुसार, तूफान विफा और उससे जुड़े दक्षिण-पश्चिमी मानसून की लगातार बारिश के कारण पूरे देश में अब तक 7,65,869 परिवार, यानी लगभग 27,33,646 लोग प्रभावित हुए हैं। यह बारिश पिछले सप्ताह से लगातार जारी है, जिससे भारी बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है।
एजेंसी के मुताबिक, इस आपदा में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 8 लोग लापता हैं। विफा और मानसून ने देश को भारी नुकसान पहुंचाया है। इससे एग्रीकल्चर को 366.38 मिलियन पेसो (लगभग 6.5 मिलियन डॉलर) का नुकसान हुआ, जिसमें चावल, मक्का, उच्च मूल्य वाली फसलें, मत्स्य पालन और पशुधन को नुकसान शामिल है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story