विश्व

93 लोगों की मौत: आतंकी हमले के बाद दिखा खौफनाक मंजर, जांच एजेंसियों का ताबड़तोड़ एक्शन जारी

jantaserishta.com
23 March 2024 10:08 AM GMT
93 लोगों की मौत: आतंकी हमले के बाद दिखा खौफनाक मंजर, जांच एजेंसियों का ताबड़तोड़ एक्शन जारी
x
देखें वीडियो.
मॉस्को: रूस की राजधानी मॉस्को के एक समारोह स्थल पर हुए हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है। घायलों की संख्या 187 बताई जा रही है। हमलावरों ने गोलीबारी के बाद समारोह स्थल को आग लगा दी थी। इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ISIS-K (ISIL) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। दूसरी ओर, रूसी जांच एजेंसियों ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। रूस की संघीय सुरक्षा सेवा के प्रमुख ने खुद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शनिवार को इसकी जानकारी दी। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के हवाले से यह अपडेट सामने आया है।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने हमले को बहुत बड़ी त्रासदी बताया। रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास क्रेमलिन ने बताया कि हमलावरों के क्रोकस सिटी हॉल में हमला करने के कुछ ही मिनट बाद पुतिन को इस बारे में सूचित कर दिया गया था। यह हॉल मॉस्को के पश्चिमी छोर पर स्थित एक बड़ा संगीत स्थल है, जिसमें 6,200 लोग बैठ सकते हैं। यह अटैक तब हुआ जब क्रोकस सिटी हॉल में प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड पिकनिक के एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। रिपोर्ट में बताया गया कि हमलावरों की ओर से विस्फोटक फेंकने के बाद आग लग गई जिसके अंदर कई लोग फंस गए थे।
क्रोकस सिटी में शुक्रवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद रूसी संस्कृति मंत्रालय ने शनिवार को बड़ा फैसला लिया। मिनिस्ट्री ने आने वाले दिनों में संघीय सांस्कृतिक संस्थानों में सभी सामूहिक और मनोरंजन कार्यक्रमों को रद्द करने की घोषणा की। मंत्रालय की प्रेस सेवा ने शनिवार को यह जानकारी दी। इसमें कहा गया कि संघीय सांस्कृतिक संस्थानों में आने वाले दिनों के लिए सामूहिक और मनोरंजन कार्यक्रमों रद्द कर दिए गए हैं। मंत्रालय ने क्रोकस सिटी हॉल में मारे गए लोगों के परिवारों और दोस्तों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। बता दें कि अक्टूबर 2015 में इस्लामिक स्टेट ने सिनाई में रूस के एक यात्री विमान को निशाना बनाया था जिसमें विमान में सवार सभी 224 यात्रियों की मौत हो गई थी। इनमें से ज्यादातर मिस्र से छुट्टियां मनाकर लौट रहे रूसी नागरिक थे।
Next Story